हैंडपंप मरम्मत कार्यों का जिला कलक्टर ने किया निरीक्षण
प्रतापगढ़। जिला कलक्टर शुभम चौधरी ने रविवार को फील्ड निरीक्षण के दौरान जिले में पेयजल व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत वीरावली, मंडावरा, जाजली, बेड़मा एवं अरनोद क्षेत्र में पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने अरनोद के बेड़मा एवं नागदेड़ा में जल जीवन मिशन के कार्यों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने हैंडपंपों की कार्यशीलता, जल उपलब्धता एवं जल गुणवत्ता का मौके पर सत्यापन किया। उन्होंने चालू हैंडपंपों के पानी की फील्ड टेस्टिंग करवाते हुए गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, वहीं बंद पड़े हैंडपंपों को प्राथमिकता से मरम्मत कर शीघ्र चालू करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। जिला कलक्टर ने ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग, त्वरित मरम्मत तथा प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया, ताकि आमजन को निर्बाध पेयजल उपलब्ध हो सके।
जिला कलक्टर के निर्देशों पर अधिकारियों ने भी किया फील्ड निरीक्षण
जिला कलक्टर के निर्देशों की अनुपालना में जिले के अतिरिक्त जिला कलक्टर विजयेश कुमार पंड्या सहित विभिन्न अधिकारियों ने भी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में फील्ड निरीक्षण कर हैंडपंपों की स्थिति का आकलन किया। इस दौरान कार्यशीलता, जल उपलब्धता एवं गुणवत्ता की जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान विकास अधिकारी अरनोद, सहायक अभियंता, अधिशाषी अभियंता, तहसीलदार सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।