Dark Mode
घर आए मेहमानों को खिलाएं टेस्टी हरा भरा कबाब, हर कोई पूछेगा रेसिपी

घर आए मेहमानों को खिलाएं टेस्टी हरा भरा कबाब, हर कोई पूछेगा रेसिपी

नई दिल्ली। कबाब का नाम सुनते ही लोगों के मन में सबसे पहले नॉन वेज का ख्याल आता है, लेकिन अगर आप शाकाहारी हैं, तो भी इस डिश का स्वाद ले सकते हैं। वेज कबाब खाने में बेहद स्वादिष्ट होता है और वेजिटेरियन्स को काफी पसंद भी है। चाहे किसी पार्टी में स्टार्ट की तरह सर्व करना हो या फिर घर पर स्नैक्स की तरह खाने हो, वेज कबाब हर मौके के लिए परफेक्ट है। खास बात यह है कि इन्हें बनाना भी काफी आसान है। आइए जानें घर पर कैसे बनाएं हरा भरा वेज कबाब।


सामग्री
2 मध्यम आकार के उबले हुए आलू
1 कप कद्दूकस की हुई फूलगोभी
½ कप बारीक कटी बीन्स
½ कप उबले हुए मटर
1 कप बारीक कटा हुआ पालक
बाइंडिंग के लिए- 3 बड़े चम्मच बेसन (भुना हुआ) या ब्रेड क्रम्ब्स
मसाले- 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, 2 बारीक कटी हरी मिर्च, 1 चम्मच चाट मसाला, ½ चम्मच गरम मसाला, ½ चम्मच भुना जीरा पाउडर और स्वादानुसार नमक
बारीक कटा हरा धनिया
तलने के लिए तेल


बनाने की विधि
सबसे पहले पालक को उबलते पानी में 2 मिनट के लिए डालें और फिर तुरंत ठंडे पानी में डाल दें। फिर इसका पानी निचोड़कर बारीक काट लें। ध्यान रखें कि पालक का सारा पानी निकाल दें, वरना कबाब टूट सकते हैं। अब उबले हुए मटर को हल्का मैश कर लें और उबले हुए आलू को कद्दूकस कर लें ताकि कबाब में कोई गांठ न रहे। इसके बाद एक बड़े बाउल में मैश किए हुए आलू, मटर, कटा हुआ पालक, गोभी और बीन्स डालें। अब इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट, हरी मिर्च, धनिया पत्ती और सभी सूखे मसाले डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
अब इस मिश्रण में भुना हुआ बेसन या ब्रेड क्रम्ब्स डालें। बेसन नमी को सोख लेता है और कबाब को टूटने से बचाता है। इसे अच्छी तरह गूंथ लें जैसे आटा गूंथते हैं। अगर मिश्रण ज्यादा गीला लगे, तो थोड़ा और बेसन मिलाया जा सकता है।
अब अपनी हथेलियों पर थोड़ा सा तेल लगाएं और मिश्रण का छोटा हिस्सा लेकर उसे गोल टिक्की का आकार दें।
अब एक नॉन-स्टिक पैन में 2-3 चम्मच तेल गरम करें। कबाब को मध्यम आंच पर पैन में रखें। इन्हें दोनों तरफ से सुनहरा भूरा होने तक सेकें। ध्यान रहे कि आंच तेज न हो, वरना कबाब बाहर से जल जाएंगे और अंदर से कच्चे रह जाएंगे।
कबाब जब पक जाएं, तो इन्हें पुदीने की तीखी चटनी और लच्छेदार प्याज के साथ सर्व करें।

 

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!