Dark Mode
तांत्रिक बनकर घूम रहे गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

तांत्रिक बनकर घूम रहे गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ में “राजा-महाराजा काल का जमीन में दबा खजाना” ढूंढने का लालच देकर ग्रामीणों से ठगी करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। सदर थाना पुलिस ने किले के पीछे सुनसान इलाके में दबिश देकर चार आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। आरोपित डिटेक्टर मशीन से जमीन में दबा सोना खोजने का नाटक कर भोले-भाले लोगों को जाल में फंसाने की कोशिश कर रहे थे।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश के मंदसौर क्षेत्र से आए कुछ लोग खुद को तांत्रिक बताकर चित्तौड़गढ़ और आसपास के गांवों में घूम रहे हैं। ये लोग ग्रामीणों को बताते थे कि किले के आसपास पुराने मंदिरों, छतरियों और सुनसान जगहों पर राजा-महाराजाओं के समय का खजाना दबा हुआ है और उनके पास ऐसी विशेष मशीन व तांत्रिक विद्या है, जिससे वे उसे खोज सकते हैं।

सूचना के आधार पर थानाधिकारी प्रेम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कोटा रोड स्थित किले के पीछे ओछड़ी पुलिया के पास दबिश दी।

वहां सुनसान जगह पर पुरानी बंद गुमटियों के पास चार संदिग्ध व्यक्ति मिले, जिनमें से एक व्यक्ति हाथ में डिटेक्टर मशीन लेकर जमीन पर घुमाते हुए सोना ढूंढने का नाटक कर रहा था।

पुलिस को देखते ही आरोपित गुमटियों और ढाबों की आड़ में छिपने लगे, लेकिन पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया।

पुलिस ने इस मामले में गोपाल सोनी (37) निवासी आगर मालवा, सलीम अहमद (40) निवासी मंदसौर, मुकेश नाथ (43) निवासी आगर (एमपी) और हीरालाल मीणा (51) निवासी निम्बाहेड़ा (चित्तौड़गढ़) को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से कथित डिटेक्टर मशीन भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी ग्रामीणों को खजाना मिलने का लालच देकर उनसे मोटी रकम ऐंठने की फिराक में थे। फिलहाल पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने क्षेत्र में कितने लोगों को “किले के खजाने” का झांसा देकर ठगने की कोशिश की।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!