Dark Mode
राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक बनने का मौका, 10 अगस्त को होगा इंटरव्यू

राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक बनने का मौका, 10 अगस्त को होगा इंटरव्यू

भीलवाड़ा। मेरा युवा भारत (MY Bharat) मुख्यालय के निर्देश पर राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों के चयन की प्रक्रिया के तहत 10 अगस्त 2026 को साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। जिला युवा अधिकारी रचना शर्मा की अध्यक्षता में होने वाले इस साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का पहले सत्यापन किया जाएगा।

जिला युवा अधिकारी रचना शर्मा ने बताया कि अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के समय ऑनलाइन आवेदन पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, मैट्रिक स्तर की अंकतालिका एवं प्रमाण पत्र, फोटोयुक्त पहचान पत्र यानी आधार कार्ड और मूल निवास प्रमाण पत्र की मूल प्रतियां साथ लानी होंगी। इसके अलावा प्रत्येक दस्तावेज की एक-एक स्वप्रमाणित छायाप्रति भी जमा करनी होगी।

साक्षात्कार में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों की जांच की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन में दर्ज जानकारी का मिलान संबंधित मूल दस्तावेजों से किया जाएगा। सत्यापन के दौरान जानकारी गलत पाए जाने या जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने पर अभ्यर्थी का आवेदन निरस्त किया जा सकता है।

विभाग ने पात्रता को लेकर भी स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। जो अभ्यर्थी पहले राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक के रूप में कार्य कर चुके हैं, वे इस चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सकेंगे। इसके अलावा नियमित रूप से अध्ययनरत विद्यार्थी और कर्मचारी भी इस चयन के लिए पात्र नहीं होंगे।

साक्षात्कार का आयोजन कार्यालय जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत, 146 पूर्व विस्तार, देवनारायण मंदिर के पास, सुभाष नगर, भीलवाड़ा में किया जाएगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित तिथि पर सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ समय पर पहुंचें, ताकि दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!