परीक्षा पे चर्चा में पीएम मोदी का संदेश, छात्रों से बोले- सपनों को सच करने की पूरी ताकत आपमें
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’ के 9वें संस्करण का दूसरा एपिसोड सोमवार को जारी किया जाएगा। कार्यक्रम से पहले पीएम मोदी ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि देश के विद्यार्थियों में अपने सपनों को साकार करने की पूरी क्षमता मौजूद है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि परीक्षा पे चर्चा का उद्देश्य छात्रों की प्रतिभा और कौशल को सही दिशा में आगे बढ़ाना है, ताकि वे अपने लक्ष्य हासिल कर सकें। उन्होंने इस मौके पर एक संस्कृत श्लोक भी साझा किया, जिसमें ज्ञान, तर्क, स्मृति, मेहनत और कार्यशीलता को सफलता की कुंजी बताया गया है।
‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ के दूसरे एपिसोड में देवमोगरा, कोयंबटूर, रायपुर, गुवाहाटी और दिल्ली में छात्रों के साथ पीएम मोदी की बातचीत दिखाई जाएगी। इस दौरान वह परीक्षा की तैयारी, आत्मविश्वास बनाए रखने, समय प्रबंधन और नियमित दिनचर्या पर अहम सुझाव देंगे।
कार्यक्रम का पहला एपिसोड 6 फरवरी को जारी किया गया था, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से छात्रों की भागीदारी देखने को मिली थी। पीएम मोदी ने बताया था कि छात्रों की मांग पर अलग-अलग शहरों में यह संवाद आयोजित किया गया है।
गौरतलब है कि वर्ष 2018 से प्रधानमंत्री हर साल बोर्ड परीक्षाओं से पहले छात्रों से संवाद करते हैं। इसका उद्देश्य परीक्षा के तनाव को कम करना और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है।
शिक्षा मंत्रालय द्वारा संचालित इस कार्यक्रम में 2025 में 5 करोड़ से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया था। वहीं, 2026 के संस्करण में 4.5 करोड़ से ज्यादा पंजीकरण हुए हैं, जिससे कुल भागीदारी 6.76 करोड़ से अधिक तक पहुंचने की उम्मीद है।