Dark Mode
कोलंबो टेस्ट में श्रीलंका की वापसी, पसिंदु का अर्धशतक

कोलंबो टेस्ट में श्रीलंका की वापसी, पसिंदु का अर्धशतक

कोलंबो। भारत के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट मैच के तीसरे दिन के पहले सत्र (लंच तक) श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 4 विकेट पर 130 रन बना लिए थे। श्रीलंका भारत से अभी भी 373 रन पीछे है। श्रीलंका ने तीसरे दिन की शुरुआत 2 विकेट पर 8 रन से की थी। दिन का पहला विकेट कामिस मिशारा के रूप में गिरा। मिशारा 19 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मानव सुथार ने पगबाधा आउट किया। श्रीलंका का स्कोर 3 विकेट पर 35 रन हो गया। इसके बाद चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए पसिंदु सोरियाबंदरा और पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए कामिंदु मेंडिस ने श्रीलंकाई पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी की। मजबूत होती इस साझेदारी को प्रसिद्ध कृष्णा ने तोड़ा। कृष्णा ने मेंडिस को आउट किया। मेंडिस 32 रन बनाकर आउट हुए। वह सेट होने के बाद एक बड़ी पारी खेलने का मौका चूक गए। वह लंच से ठीक पहले आउट हुए। पसिंदु सोरियाबंदरा शानदार अर्धशतक लगाकर क्रीज पर मौजूद हैं। वह 93 गेंदों पर 9 चौकों की मदद से 65 रन बनाकर खेल रहे हैं। पसिंदु के टेस्ट करियर की यह दूसरी पारी है और पहला अर्धशतक है। उनके साथ कप्तान धनंजय डी सिल्वा 4 रन पर नाबाद हैं। श्रीलंका का स्कोर 4 विकेट पर 130 रन है। टीम भारत की पहली पारी में बनाए स्कोर से अभी भी 373 रन पीछे है। भारत की तरफ से प्रसिद्ध कृष्णा ने अब तक 3 और मानव सुथार ने 1 विकेट लिया है। भारत ने अपनी पहली पारी सोमवार को 9 विकेट पर 509 रन बनाकर घोषित की थी। भारत की तरफ से देवदत्त पड्डिकल ने 117, ध्रुव जुरेल ने नाबाद 115, ऋषभ पंत ने 63, शुभमन गिल ने 50, यशस्वी जायसवाल ने 45 और रवींद्र जडेजा ने 43 रन बनाए थे। श्रीलंका के लिए असिथा फर्नांडो ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए थे।

 

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!