भदलाव में शिक्षक बने भामाशाह, अब फर्नीचर पर बैठेंगे विद्यार्थी ‘भविष्य की उड़ान’ अभियान से प्रेरित होकर शिक्षकों ने दिया सहयोग
सवाई माधोपुर। जिला कलक्टर काना राम के शैक्षिक नवाचार ‘भविष्य की उड़ान’ अभियान से प्रेरित होकर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भदलाव में शिक्षकों ने भामाशाह बनकर विद्यालय विकास में सराहनीय योगदान दिया है। विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक किरोड़ी लाल मीना, उप-प्राचार्य सुरेन्द्र कुमार, व्याख्याता बबीता मीना तथा अध्यापक सीमा मीना एवं श्याम जाट के सहयोग से 50 हजार रुपये का चेक जिला कलक्टर की उपस्थिति में अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक (समग्र शिक्षा) दिनेश कुमार गुप्ता को प्रदान किया गया। इस राशि को मुख्यमंत्री जनसहभागिता योजना के तहत जमा कराने पर समग्र शिक्षा अभियान द्वारा ढाई गुना प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई जाएगी, जिसके माध्यम से लगभग 1.25 लाख रुपये का फर्नीचर क्रय किया जाएगा। इससे अब विद्यालय के विद्यार्थियों को जमीन पर बैठने के बजाय डेस्क-बेंच पर बैठकर अध्ययन करने की सुविधा मिल सकेगी। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि इस योजना के माध्यम से पूर्व में भी विद्यालय में ऑटोमेटिक घंटी, वाटर कूलर, प्रिंटर, पंखे, अलमारी तथा फर्श सहित विभिन्न भौतिक सुविधाओं का विकास किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्थानीय युवाओं द्वारा लगभग 30 हजार रुपये की लागत से विद्यालय परिसर में टीनशेड का निर्माण करवाकर सहयोग प्रदान किया गया। जिला कलक्टर काना राम ने विद्यालय में हो रहे सकारात्मक बदलावों की सराहना करते हुए प्रधानाचार्य, शिक्षकों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया तथा शिक्षा के क्षेत्र में जनसहभागिता को और अधिक बढ़ाने का आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मीना लसारिया, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) हरकेश लाल मीना, अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक दिनेश कुमार गुप्ता, कार्यक्रम अधिकारी हेमराज मीना एवं चन्द्रमोहन गौत्तम सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।