हलवाई जैसे भटूरे और चटपटे छोले बनाने का राज, स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी
नई दिल्ली। सर्दी के मौसम में नाश्ते या लंच में गर्मा-गर्म छोले-भटूरे मिल जाएं, तो मजा ही आ जाता है। दिल्ली वालों के लिए तो छोले-भटूरे एक खास डिश है, जो सर्दी के आनंद को दोगुना कर देती है। लेकिन अक्सर लोग इन्हें खाने से इसलिए कतराते हैं, क्योंकि बाहर बाजार में बिकने वाले छोले-भटूरों में एक ही तेल का बार-बार इस्तेमाल किया जाता है। इसलिए अगर आप इस चिंता को भूलकर छोले-भटूरों का आनंद लेना चाहते हैं, तो घर पर बनाना सबसे बेस्ट ऑप्शन है। आइए जानें घर पर फूले-फूले भटूरे और चटपटे छोले बनाने की स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी (Chhole Bhature Recipe)।
भटूरे बनाने की रेसिपी
भटूरे का आटा कम से कम 2-3 घंटे पहले गूंथना चाहिए, ताकि वे अच्छे से फूलें।
सामग्री-
मैदा- 2 कप
सूजी- 2 बड़े चम्मच (कुरकुरापन लाने के लिए)
दही- 1/4 कप
चीनी- आधा छोटा चम्मच
नमक- स्वादानुसार
तेल- 2 चम्मच (मोयन के लिए)
ईनो या बेकिंग सोडा- आधा छोटा चम्मच
विधि-
एक बर्तन में मैदा, सूजी, नमक, चीनी और बेकिंग सोडा मिलाकर छान लें।
इसमें दही और तेल डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
हल्के गुनगुने पानी की मदद से नरम आटा गूंथ लें।
आटे को 5-7 मिनट तक अच्छे से पटक-पटक कर चिकना करें।
आटे पर थोड़ा तेल लगाकर गीले कपड़े से ढक दें और 2-3 घंटे के लिए किसी गर्म जगह पर छोड़ दें।
भटूरे तलना
कड़ाही में तेल को तेज गर्म करें। भटूरे के लिए तेल का अच्छा गर्म होना जरूरी है।
आटे की लोई बनाकर उसे बेलें।
अब सावधानी से गरम तेल में बेले हुए भटूरे डालें और कलछी से हल्का दबाएं ताकि वह पूरी तरह फूल जाए।
दोनों तरफ से सुनहरा होने तक तलें।
छोले बनाने की रेसिपी
सामग्री-
काबुली चने- 1 कप (रात भर भिगोए हुए)
प्याज- 2 बारीक कटे हुए
टमाटर का पेस्ट- 2 टमाटरों का
अदरक-लहसुन पेस्ट- 1 बड़ा चम्मच
सूखे मसाले- हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला और छोले मसाला।
खड़े मसाले- तेजपत्ता, बड़ी इलायची, दालचीनी, लौंग।
चाय पत्ती का पानी या सूखा आंवला (काले रंग के लिए)।
विधि-
सबसे पहले कुकर में भीगे हुए छोले, नमक, एक तेजपत्ता और चाय पत्ती का पानी डालकर 4-5 सीटी आने तक पकाएं।
अब कड़ाही में तेल गर्म करें और इसमें जीरा और खड़े मसाले डालें। अब प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें।
इसके बाद अदरक-लहसुन पेस्ट डालें, फिर टमाटर का पेस्ट और सारे सूखे मसाले डालकर तब तक भूनें जब तक तेल अलग न होने लगे।
अब उबले हुए छोले कड़ाही में डालें और इसे धीमी आंच पर 10-15 मिनट तक पकने दें, ताकि मसाले छोलों के अंदर तक चले जाएं।
ऊपर से हरी मिर्च और हरा धनिया डालकर सजाएं।
कुछ खास टिप्स-
हलवाई जैसा काला रंग- छोलों को उबालते समय एक मलमल के कपड़े में चाय पत्ती बांधकर डाल दें।
नरम भटूरे- आटे में सूजी डालने से भटूरे काफी देर तक फूले रहते हैं और पिचकते नहीं हैं।
सर्विंग- इन्हें प्याज के लच्छे, हरी मिर्च के अचार और नींबू के साथ परोसें।