ट्रंप का फिर ‘मैप गेम’, कनाडा-ग्रीनलैंड को बताया अमेरिका का हिस्सा
वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए दुनिया के नेताओं को चौंकाया है। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर एक एआई से बनी तस्वीर साझा की है, जिसमें कनाडा, ग्रीनलैंड और वेनेजुएला को अमेरिका का हिस्सा दिखाया गया है।
इस तस्वीर में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर समेत कई यूरोपीय नेता ग्राफिक को देखते नजर आ रहे हैं, जबकि ट्रंप कथित तौर पर “जीते गए इलाकों” की ओर इशारा कर रहे हैं। खास बात यह रही कि ट्रंप ने इस पोस्ट के साथ कोई कैप्शन नहीं लिखा।
गौरतलब है कि ट्रंप इससे पहले भी 20 जनवरी 2026 को इसी तरह की तस्वीर साझा कर चुके हैं। उनके इस कदम को कई लोग मजाक तो कई राजनीतिक संदेश के तौर पर देख रहे हैं।
ट्रंप पहले भी कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनाने और ग्रीनलैंड खरीदने की बात कह चुके हैं। उनका तर्क रहा है कि आर्कटिक क्षेत्र में बढ़ते रूसी और चीनी प्रभाव के बीच ग्रीनलैंड अमेरिका की सुरक्षा के लिए अहम है।
वहीं, इस बार नक्शे में वेनेजुएला को शामिल किया जाना भी चर्चा में है। माना जा रहा है कि यह वहां के राष्ट्रपति निकोलस मदुरो से जुड़े हालिया घटनाक्रम से जुड़ा हो सकता है।
इस महीने की शुरुआत में अल्फाल्फा क्लब डिनर में ट्रंप ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि वह ग्रीनलैंड पर हमला नहीं करेंगे, बल्कि उसे खरीदेंगे। उन्होंने यह भी कहा था कि कनाडा को 51वां राज्य बनाने की इच्छा अब भी बनी हुई है।
ट्रंप के इन बयानों से कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी पहले भी नाराजगी जता चुके हैं। मई 2025 में हुई एक बैठक में उन्होंने साफ कहा था कि कनाडा कभी बिक्री के लिए नहीं है।
विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रंप की ऐसी पोस्ट न सिर्फ सुर्खियां बटोरने का तरीका हैं, बल्कि वैश्विक राजनीति में हलचल पैदा करने का माध्यम भी बन चुकी हैं।