Dark Mode
राजस्थान में सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के लिए बनेगा साझा ट्रैकर : वी. श्रीनिवास

राजस्थान में सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के लिए बनेगा साझा ट्रैकर : वी. श्रीनिवास

जयपुर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में आगामी मुख्य सचिव सम्मेलन के संदर्भ में राज्य की रैखिक अवसंरचना परियोजनाओं (लीनियर इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स) के समय-बद्ध क्रियान्वयन, विभागों के बीच आपसी समन्वय और प्रशासनिक सुदृढ़ीकरण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इस दौरान मुख्य सचिव ने बताया कि केन्द्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (मोर्थ) द्वारा लोक निर्माण विभाग की अवसंरचना योजनाओं को समय-बद्ध तरीके से धरातल पर उतारने के लिए राज्य की सराहना की गई है। उन्होंने कहा कि रैखिक अवसंरचना परियोजनाओं के कार्यक्षेत्र को और अधिक व्यापक व प्रभावी बनाने की आवश्यकता है। साथ ही सड़क सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए कड़े निरोधात्मक उपाय लागू किये जाएं। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग परियोजनाओं की पूर्णता और सुगमता सुनिश्चित करने के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा भेजे गए यू.ओ. नोट का अध्ययन कर अपने विभाग से संबंधित सुझावों एवं कार्य-योजना का परीक्षण कर प्रस्ताव प्रस्तुत करें। श्रीनिवास ने कहा कि सभी संबंधित विभाग नोडल अधिकारी नामित करें तथा समय-बद्ध एसओपी को अंतिम रूप देकर प्रत्युत्तर प्रस्तुत करें। उन्होंने भूमि अधिग्रहण प्रस्तावों, सहमति आधारित क्रय और वन स्वीकृतियों से जुड़ी बाधाओं को दूर करने के लिए जिला स्तर पर तथा डीएफओ कार्यालयों में प्री-चेकिंग डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वन एवं राजस्व विभाग आपसी समन्वय से कार्य कर एनएचएआई के कार्यों में आ रही अड़चनों का समाधान करें। श्रीनिवास ने ऊर्जा एवं पीएचईडी विभाग को निर्देश दिए कि यूटिलिटी शिफ्टिंग को गति देने के लिए उच्च स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। मुख्य सचिव ने कहा कि सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के लिए साझा ट्रैकर (कॉमन ट्रैकर) तैयार किया जाएगा। इसकी मासिक समीक्षा एम्पावर्ड कमेटी द्वारा तथा त्रैमासिक समीक्षा राज-उन्नति एवं जी2जी स्तर पर की जाएगी। बैठक में संबंधित विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं प्रमुख शासन सचिव सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!