8 साल बाद निक जोनस को याद आया वो खास पल, प्रियंका ने दिया दिल छू लेने वाला जवाब
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा और हॉलीवुड सिंगर-अभिनेता निक जोनस ने अपनी सगाई के आठ साल पूरे होने पर फैंस के साथ एक खास याद साझा की। निक ने सोशल मीडिया पर प्रपोजल नाइट की एक पुरानी सेल्फी पोस्ट कर उस यादगार पल को फिर से जीवंत कर दिया।
शेयर की गई तस्वीर में निक मुस्कुराते हुए कैमरे की ओर देखते नजर आ रहे हैं, जबकि प्रियंका चोपड़ा अपने हाथ से चेहरा हल्का सा छिपाते हुए अपनी सगाई की अंगूठी फ्लॉन्ट करती दिखाई दे रही हैं। तस्वीर के साथ निक ने लिखा, "8 साल पहले उसने 'हाँ' कहा था।" इसके साथ उन्होंने रिंग का इमोजी भी साझा किया।
निक की इस पोस्ट पर प्रियंका ने भी प्यार भरा जवाब देते हुए लिखा, "मुझे बहुत खुशी है कि आपने यह सवाल पूछा था।" दोनों के बीच की यह प्यारी बातचीत फैंस को बेहद पसंद आ रही है और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई है।
गौरतलब है कि निक जोनस ने 19 जुलाई 2018 को लंदन में प्रियंका चोपड़ा को प्रपोज किया था। उस खास मौके के लिए उन्होंने टिफ़नी एंड कंपनी का स्टोर बंद कराकर इंगेजमेंट रिंग का चयन किया था। इसके बाद दोनों ने अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया और दिसंबर 2018 में जोधपुर में हिंदू और ईसाई दोनों रीति-रिवाजों से भव्य शादी की।
जनवरी 2022 में प्रियंका और निक ने सरोगेसी के जरिए अपनी बेटी मालती मैरी चोपड़ा जोनस का स्वागत किया। हाल ही में प्रियंका 'द जोनस ब्रदर्स पॉडकास्ट' में भी नजर आईं, जहां उन्होंने अपने वैवाहिक जीवन से जुड़े कई दिलचस्प अनुभव साझा किए।
प्रियंका ने बताया कि जब निक उनके साथ होते हैं तो वह खुद को पूरी तरह सुरक्षित और निश्चिंत महसूस करती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वह निक को प्यार से "बाबू" कहकर बुलाती हैं और उन्हें अपना "सेफ स्पेस" मानती हैं।
वर्क फ्रंट की बात करें तो प्रियंका जल्द ही निर्देशक एस.एस. राजामौली की फिल्म 'वाराणसी' में अभिनेता महेश बाबू के साथ नजर आएंगी। हाल ही में उन्होंने अपना 44वां जन्मदिन स्पेन में परिवार और करीबी दोस्तों के साथ मनाया।