अग्निवीरों को 2 साल का अतिरिक्त सेवा मौका, कैबिनेट की मंजूरी
नई दिल्ली। अग्निपथ योजना के तहत सेना में भर्ती होने वाले अग्निवीरों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। चार साल की शुरुआती सेवा पूरी करने के बाद अब अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल मिल सकेगा। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।
सीडीएस जनरल राजा सुब्रमणि के अनुसार, दूसरी सेवा अवधि का लाभ लेने का फैसला अग्निवीरों की इच्छा और निष्पक्ष चयन प्रक्रिया के आधार पर होगा। अतिरिक्त दो साल पूरे होने के बाद उनके प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा। कार्यक्षमता, सेवा के दौरान उपलब्धियों और सशस्त्र सेनाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आगे नियमित सेवा में शामिल करने पर विचार किया जा सकेगा।
प्रदर्शन और अनुशासन के आधार पर होगा मूल्यांकन
अग्निवीरों के कार्यकाल के दौरान उनकी क्षमता का समय-समय पर मूल्यांकन किया जाता है। इसमें शारीरिक फिटनेस, प्रेरणा, मनोबल, अनुशासन और तकनीकी दक्षता जैसे पहलुओं को महत्व दिया जाता है। दूसरी सेवा अवधि का उद्देश्य इन क्षमताओं को और मजबूत करना तथा सेना को प्रशिक्षित और अनुभवी जवान उपलब्ध कराना है।
सरकार के इस फैसले से अग्निवीरों को सैन्य प्रशिक्षण और अनुभव का उपयोग करते हुए दो साल अतिरिक्त सेवा करने का अवसर मिलेगा। दूसरी अवधि के दौरान उन्हें पहले की तुलना में अधिक वेतन और बढ़ी हुई सेवा निधि का लाभ भी दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
पहले बैच की सेवा अवधि हो रही पूरी
अग्निपथ योजना के तहत भर्ती हुए पहले बैच के अग्निवीरों की चार साल की सेवा अवधि इसी महीने से पूरी होने जा रही है। ऐसे समय में सरकार का यह फैसला महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पहले से तय व्यवस्था के अनुसार, अधिकतम 25 प्रतिशत अग्निवीरों को नियमित कैडर में शामिल किया जाना था, जबकि बाकी को चार साल बाद सेवा से मुक्त होना था।
अब दो साल की अतिरिक्त सेवा का विकल्प मिलने से अधिक अग्निवीरों को सशस्त्र सेनाओं में बने रहने का अवसर मिलेगा। हालांकि, नियमित सैनिक के रूप में आगे चयन के लिए उनकी इच्छा, प्रदर्शन और सेना की परिचालन एवं संगठनात्मक जरूरतें अहम रहेंगी।
केंद्र सरकार के इस बदलाव का उद्देश्य अग्निवीरों के अनुभव का अधिक समय तक लाभ उठाना और सैन्य बलों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित मानव संसाधन बनाए रखना है।