Dark Mode
'हैवान' में असरानी की आखिरी झलक, अक्षय ने कहा- आपके जैसा कोई नहीं

'हैवान' में असरानी की आखिरी झलक, अक्षय ने कहा- आपके जैसा कोई नहीं

मुंबई। दिवंगत अभिनेता असरानी एक बार फिर बड़े पर्दे पर दर्शकों का मनोरंजन करते दिखाई देंगे। उनकी आगामी क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘हैवान’ में निभाया गया किरदार अब चर्चा में है। फिल्म की एक छोटी क्लिप अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया पर शेयर की है, जिसमें असरानी अपने अंदाज में अभिनय करते नजर आ रहे हैं। क्लिप सामने आने के बाद अक्षय ने दिग्गज अभिनेता को भावुक होकर याद किया।

अक्षय कुमार ने असरानी के साथ काम करने के अनुभव को याद करते हुए कहा कि उनके लिए यह सौभाग्य की बात थी कि उन्हें इस महान कलाकार के साथ स्क्रीन साझा करने का अवसर मिला। उन्होंने असरानी के साथ किए गए अपने आखिरी शॉट को भी याद किया और कहा कि उन्हें उनकी कमी हमेशा महसूस होगी। अक्षय ने भावुक अंदाज में कहा कि असरानी जैसा कलाकार कोई और नहीं हो सकता।

फिल्म में असरानी एक बेहद बुजुर्ग सुरक्षा गार्ड यानी वॉचमैन की भूमिका में नजर आएंगे। उनका किरदार कहानी में हल्के-फुल्के और दिलचस्प रंग जोड़ता दिखाई देगा। असरानी का निधन अक्टूबर 2025 में हुआ था और ‘हैवान’ उनकी उन फिल्मों में शामिल है, जो उनके निधन के बाद दर्शकों तक पहुंच रही हैं।

वहीं, ‘हैवान’ को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी सिर्फ असरानी की वजह से ही नहीं है। फिल्म में अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी लंबे अंतराल के बाद फिर पर्दे पर साथ दिखाई देगी। दोनों कलाकार इससे पहले ‘टशन’ में साथ नजर आए थे। करीब 18 साल बाद उनकी जोड़ी को बड़े पर्दे पर देखने के लिए फैंस खासे उत्साहित हैं।

प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी ‘हैवान’ वर्ष 2016 की मलयालम हिट फिल्म ‘ओप्पम’ का आधिकारिक हिंदी रीमेक है। फिल्म का निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस और द स्पियन फिल्म्स मिलकर कर रहे हैं। वेंकेट के. नारायण और शैलजा देसाई इसके निर्माता हैं।

कहानी की बात करें तो अक्षय कुमार एक खतरनाक साइकोपैथ और विलेन के किरदार में दिखाई देंगे, जबकि सैफ अली खान एक दिव्यांग और दृष्टिहीन पिता की भूमिका निभा रहे हैं। कहानी बदले और हिंसा की सनक में डूबे एक शख्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी खतरनाक सोच उसे धीरे-धीरे ‘हैवान’ बना देती है। फिल्म में श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर भी अहम भूमिकाओं में हैं। ‘हैवान’ 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!