देश के 99.92% गांवों तक पहुंची बैंकिंग सेवा, सरकार ने संसद में दी जानकारी
नई दिल्ली। देश में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच लगभग सभी गांवों तक हो गई है। केंद्र सरकार ने सोमवार को लोकसभा में बताया कि 99.92 प्रतिशत आबाद गांवों के लिए अब पांच किलोमीटर के दायरे में बैंकिंग सुविधा उपलब्ध है। सरकार के मुताबिक यह सुविधा बैंक शाखा, बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट (BC) या इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) केंद्र के जरिए मिल रही है।
वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सदन में बताया कि जन धन दर्शक (JDD) ऐप पर बैंकों की ओर से अपलोड किए गए आंकड़ों के अनुसार देश के 6,01,328 आबाद गांवों में से 6,00,868 गांवों तक पांच किलोमीटर के दायरे में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित हो चुकी है।
सरकार ने बताया कि 17 जुलाई तक उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर देश में बैंकिंग कवरेज को मजबूत करने में व्यापक वित्तीय ढांचा मददगार बना है। इसमें 1.81 लाख से अधिक बैंक शाखाएं, 17.36 लाख बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट और 1.65 लाख इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक केंद्र शामिल हैं।
सरकार का कहना है कि बैंक शाखाओं के साथ बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट और डाक विभाग के भुगतान बैंक केंद्रों के विस्तार से दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के लिए बैंकिंग सेवाओं तक पहुंच आसान हुई है। इससे वित्तीय सेवाओं को गांवों तक पहुंचाने और बैंकिंग व्यवस्था को अधिक समावेशी बनाने में मदद मिल रही है।