ब्यावर : विद्युत निगम की अवैध वसूली,दोषी कार्मिकों के विरुद्ध कार्रवाई करें, घरेलु बिल 7539 रुपए आने पर एडवोकेट रामेश्वर मेवाड़ा भडके
ब्यावर। अजमेर विद्युत वितरण निगम ब्यावर के सीएसडी प्रथम के उपभोक्ता को विद्युत निगम ने 923 यूनिट का बिल थमा दिया। उपभोक्ता ने बिल देखा तो उसके होश उड़ गए। नंद नगर रैदासपुरा निवासी कांग्रेस नेता एडवोकेट रामेश्वर मेवाड़ा ने बताया कि 1609/0076 संख्या का घरेलू विद्युत कनेक्शन का बिल प्रति माह करीब 2500 रुपए आता है। इस बार निगम का मीटर रीडर जब रीडिंग लेने आया तो उसने जो स्पॉट बिल दिया उसमें 923 यूनिट उपभोग दर्शाया गया। बिल में उपभोक्ता का गत पठन और वर्तमान पठन समान बताया जा रहा है। मेवाड़ा ने बताया कि मीटर रीडर की लापरवाही के कारण उनका विद्युत बिल इस बार 7539 रुपए आया है। इतना बिल पहले कभी नहीं आया। उन्होंने इसे विद्युत निगम की अवैध वसूली बताया तथा दोषी कार्मिकों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।