Dark Mode
भूमि पेडनेकर का दिखेगा हॉरर अवतार, 'जानी दुश्मन' से मचेगा खौफ

भूमि पेडनेकर का दिखेगा हॉरर अवतार, 'जानी दुश्मन' से मचेगा खौफ

मुंबई. अभिनेत्री भूमि पेडनेकर जल्द ही अपने अभिनय का एक बिल्कुल नया रंग दिखाने जा रही हैं। इस बार वह रोमांस या ड्रामा नहीं, बल्कि हॉरर और सुपरनैचुरल थ्रिलर की दुनिया में कदम रखेंगी। उनकी नई फिल्म 'जानी दुश्मन : डर के आगे मौत है' की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। फिल्म का पहला पोस्टर सामने आने के बाद से ही इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

भूमि ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए दर्शकों को डर के एक नए अनुभव के लिए तैयार रहने का संदेश दिया। उन्होंने लिखा, "दर्द तो बहुत देखा होगा, लेकिन अब खौफ महसूस करने के लिए तैयार हो जाएं।" फिल्म का निर्देशन अरशद सैयद कर रहे हैं और रॉबी ग्रेवाल इसके क्रिएटिव प्रोड्यूसर हैं।

फिल्म की कहानी यूनाइटेड किंगडम में रची गई है। इसमें एक मां और बेटी के रिश्ते को केंद्र में रखते हुए पारिवारिक रहस्यों और रहस्यमयी अलौकिक शक्तियों की कहानी दिखाई जाएगी। हॉरर और भावनात्मक पहलुओं का यह मेल फिल्म को खास बना सकता है।

इस प्रोजेक्ट को बड़े स्तर पर तैयार करने के लिए हॉलीवुड के अनुभवी स्टंट डायरेक्टर पीटर पेड्रेरो को भी टीम में शामिल किया गया है। वह 'हैरी पॉटर', 'फास्ट एंड फ्यूरियस', 'द एक्सपेंडेबल्स', 'गेम ऑफ थ्रोन्स' और 'द कॉन्ज्यूरिंग' जैसे चर्चित प्रोजेक्ट्स में काम कर चुके हैं। ऐसे में फिल्म के एक्शन और रोमांचक दृश्यों से भी दर्शकों को काफी उम्मीदें रहेंगी।

फिल्म के निर्माण में टी-सीरीज के भूषण कुमार और अलमाइटी मोशन पिक्चर की प्रभलीन संधू साथ आए हैं। भूषण कुमार ने इस सहयोग पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अलमाइटी मोशन पिक्चर के साथ उनकी साझेदारी हमेशा अच्छी रही है। 'मेड इन इंडिया - अ टाइटन स्टोरी' के बाद दोनों प्रोडक्शन हाउस एक बार फिर साथ काम कर रहे हैं।

वहीं, अलमाइटी मोशन पिक्चर की संस्थापक प्रभलीन संधू ने भी इस साझेदारी को खास बताया। उन्होंने कहा कि भूषण कुमार और टी-सीरीज के साथ दोबारा काम करना उत्साहजनक है। यह फिल्म उनके लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसके जरिए वह रॉबी ग्रेवाल और अरशद सैयद के साथ फिर से जुड़ रही हैं। इन दोनों के साथ पहले भी उन्होंने चर्चित पैरानॉर्मल थ्रिलर सीरीज पर काम किया है।

फिल्म के को-प्रोड्यूसर शिव चनाना और सुनीता विनोद व्यास हैं। हॉरर, पारिवारिक रहस्य और अंतरराष्ट्रीय स्तर के एक्शन का मेल लेकर आ रही 'जानी दुश्मन : डर के आगे मौत है' को साल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। अब दर्शकों को इंतजार है कि भूमि पेडनेकर का यह नया अवतार पर्दे पर कितना रोमांच और खौफ पैदा करता है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!