पाली में मंदिर के पीछे मिला सरपंच चुनाव लड़ चुके युवक का शव, सिर पर चोट के निशान
पाली। जिले के फालना थाना क्षेत्र के बिरोलिया गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब रामदेव मंदिर के पीछे एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान 30 वर्षीय तलसाराम मेघवाल के रूप में हुई है। वह हाल ही में बेडल ग्राम पंचायत से सरपंच पद का चुनाव लड़ चुके थे। घटनास्थल पर मिले हालात को देखते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने अभी मौत के कारणों की पुष्टि नहीं की है।
परिजनों के मुताबिक, तलसाराम रविवार रात दुकान पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। उनकी बहन ने बताया कि जाते समय उन्होंने लौटकर खाना खाने की बात कही थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचे। सोमवार सुबह उनके पिता भीमाराम पूजा करने के लिए रामदेव मंदिर गए थे। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उन्हें मंदिर के पीछे शव पड़े होने की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही भीमाराम वहां पहुंचे। बेटे को मृत देखकर परिवार में कोहराम मच गया। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। कुछ ही देर में गांव के लोग भी घटनास्थल पर जमा हो गए।
फालना थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों के साथ एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, तलसाराम के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। उनका मोबाइल फोन मंदिर की छत पर पाया गया। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस घटना के सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
तलसाराम अपने माता-पिता के साथ रहते थे। परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। उन्होंने हाल ही में बेडल ग्राम पंचायत के सरपंच पद के लिए चुनाव लड़ा था। 30 अक्टूबर को हुए दूसरे चरण के मतदान में उन्हें 113 वोट मिले थे।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि तलसाराम की मौत कैसे हुई और इसके पीछे क्या वजह रही। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, लेकिन पुलिस का कहना है कि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।