जयपुर के जंगल में मिला युवक का शव, पास के पेड़ पर बंधा था फंदा
जयपुर। विश्वकर्मा इलाके के जंगल में शनिवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव के पास ही एक पेड़ पर रस्सी का फंदा बंधा हुआ मिला। सूचना मिलने पर विश्वकर्मा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
थाना प्रभारी मानवेन्द्र सिंह के अनुसार, सुबह करीब 8:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को विश्वकर्मा के 17 नंबर क्षेत्र स्थित जंगल में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो जंगल के अंदर करीब एक किलोमीटर की दूरी पर युवक का शव मिला।
शव के पास मिला रस्सी का फंदा
पुलिस को मृतक के शव के नजदीक एक पेड़ से रस्सी का फंदा बंधा हुआ मिला। एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। शुरुआती जांच में शव करीब एक दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतक की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
पहचान के प्रयास जारी, दोनों पहलुओं से जांच
पुलिस फिलहाल युवक की पहचान करने और उसके परिजनों का पता लगाने में जुटी है। घटनास्थल पर फंदा मिलने के बावजूद पुलिस ने मौत के कारण को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है। मामले की जांच आत्महत्या और हत्या, दोनों संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमॉर्टम और अन्य जांच रिपोर्ट के बाद ही मौत की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।