Dark Mode
शराब के पैसे नहीं मिले तो दुकान पर बरसाईं गोलियां, जयपुर पुलिस ने तीन बदमाश दबोचे

शराब के पैसे नहीं मिले तो दुकान पर बरसाईं गोलियां, जयपुर पुलिस ने तीन बदमाश दबोचे

जयपुर। राजधानी के कानोता थाना क्षेत्र में शराब पार्टी के लिए रुपए नहीं मिलने पर दुकान पर फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कानोता थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी-पूर्व) की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया अवैध देसी कट्टा और मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारस जैन के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त (बस्सी) हरजी लाल यादव के सुपरविजन में कानोता थाना व डीएसटी की टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने पिता के साथ दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान कृष्ण मीणा उर्फ काला, रामबाबू शर्मा और गजानंद उर्फ गज्जू वहां पहुंचे और शराब पीने के लिए रुपए मांगने लगे। मना करने पर आरोपियों ने धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए तो दुकान पर "पटाखे चलेंगे"। इसके बाद उन्होंने दुकान के शटर पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे शटर में कई छेद हो गए।

वारदात के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और रिश्तेदारों व परिचितों के कई संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। आखिरकार गोपनीय सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

मुख्य आरोपी गजानंद उर्फ गज्जू के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त अवैध देसी कट्टा और बाइक भी बरामद की गई है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों के पास हथियार कहां से आया और क्या वे अन्य आपराधिक घटनाओं में भी शामिल रहे हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार रामबाबू शर्मा पर जानलेवा हमला, अपहरण, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं। कृष्ण मीणा उर्फ काला के खिलाफ आर्म्स एक्ट और मारपीट के 3 मामले, जबकि गजानंद उर्फ गज्जू पर मारपीट, चोरी और छेड़छाड़ सहित 4 मामले दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!