चूरू: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के किसानों के खातों में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत चतुर्थ किस्त
चूरू जिला मुख्यालय पर आयोजित हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम, जिले के 02 लाख 43 हजार 45 किसानों को कुल 24 करोड़ 30 लाख 45 हजार रुपए की राशि का डीबीटी के माध्यम से हुआ हस्तांतरण
विधायक हरलाल सहारण ने कहा — किसानों के हितों को सर्वोपरि मानते हुए निरंतर कल्याणकारी योजनाएं चला रहा भजनलाल सरकार
चूरू। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को भरतपुर के नदबई में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के किसानों को मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत चतुर्थ किस्त डीबीटी के माध्यम से खातों में हस्तांतरित की। इस क्रम में जिला मुख्यालय स्थित डीओआईटी वीसी सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम वीसी के जरिए प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम से जुड़ा रहा। इस मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने चूरू जिले के 2 लाख 43 हजार 45 किसानों को कुल 24 करोड़ 30 लाख 45 हजार रुपए की राशि का डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरण किया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में चूरू विधायक हरलाल सहारण, जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा, जिला उप प्रमुख महेन्द्र न्यौल, कॉपरेटिव डीआर सुनील मांडिया, कॉपरेटिव एमडी मदनलाल, डीओआईटी एसीपी नरेश टुहानिया, चूरू एसडीएम सुनील कुमार, तहसीलदार अशोक गोरा सहित किसान मौजूद रहे।जिला स्तरीय कार्यक्रम में संबोधित करते हुए चूरू विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोपरि मानते हुए निरंतर कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से किसानों को सीधी आर्थिक सहायता दी जा रही है, जिससे किसान समृद्ध हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना में सम्पूर्ण प्रदेश में 08 जिलों को शामिल किया गया है, जिनमें चूरू भी शामिल है। चूरू जिला शामिल होने से अंचल के किसानों को बेहतरीन कृषि सुविधाएं मिल सकेगी और पैदावार बढ़ने से किसान समृद्ध होंगे। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने भी किसानों को शुभकामनाएं देते हुए योजना के क्रियान्वयन की जानकारी साझा की।