'अभी प्रेशर ग्रुप के तौर पर काम करेगी CJP', अभिजीत दीपके ने बताया आगे का प्लान
मुंबई। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने संगठन की आगे की रणनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल पार्टी चुनावी राजनीति में जाने के बजाय एक प्रेशर ग्रुप के रूप में काम करेगी। जंतर-मंतर आंदोलन के बाद संगठन ने देशभर में युवाओं से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाने के लिए दो दिवसीय कोर कमेटी बैठक बुलाई है।
बैठक से पहले मीडिया से बातचीत में दीपके ने कहा कि जंतर-मंतर का आंदोलन अब सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं रहा, बल्कि देशभर के युवाओं से जुड़ा आंदोलन बन गया है। उनके मुताबिक, आंदोलन के बाद लोगों की संगठन से उम्मीदें बढ़ी हैं और इसके साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ी हैं। इसी को देखते हुए कोर कमेटी की बैठक में आगे की दिशा पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
राजनीति में सीधे उतरने की संभावना को लेकर पूछे गए सवाल पर दीपके ने कहा कि मौजूदा समय में लोगों का राजनीति, मीडिया और सरकार जैसी संस्थाओं पर भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं में दोबारा विश्वास कायम करने के लिए जनआंदोलन और जनदबाव की जरूरत है।
दीपके ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों से बड़ी संख्या में लोग निराश हैं और युवाओं ने इसी असंतोष को जंतर-मंतर के आंदोलन के जरिए सामने रखा। उन्होंने संकेत दिया कि यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। उनका कहना था कि देश को फिलहाल एक व्यापक जनआंदोलन की जरूरत है।
दो दिवसीय बैठक में युवाओं से जुड़े मुद्दों के अलावा देश की आर्थिक स्थिति और परिसीमन से जुड़े सवालों पर भी चर्चा प्रस्तावित है। संगठन की ओर से आंदोलन को दूसरे राज्यों तक ले जाने और युवाओं के बीच अपनी गतिविधियां बढ़ाने की रणनीति पर भी विचार किया जाएगा।
झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर पूछे गए सवाल पर दीपके ने कहा कि संगठन वहां छात्रों से मुलाकात करेगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर युवाओं की समस्याओं को समझने और उनके साथ संवाद बढ़ाने की कोशिश की जाएगी।
वहीं, CJP के प्रवक्ता सौरभ दास ने जंतर-मंतर आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संसद मार्च के दौरान संगठन के कई कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने कार्रवाई की और लाठीचार्ज में कुछ साथी घायल हुए। दास के मुताबिक, जंतर-मंतर क्षेत्र को भी चारों तरफ से घेर लिया गया था।
दास ने बताया कि उस दौरान वह और आशुतोष रंग सरकार के प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत कर रहे थे। अब संगठन की कोर कमेटी की बैठक में आंदोलन के अगले चरण, देशभर में गतिविधियों के विस्तार और संगठन को मजबूत करने की योजना पर चर्चा की जाएगी।