त्योहारों पर सुरक्षा को लेकर अलर्ट CM भजनलाल, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
जयपुर. धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज के दौरान प्रदेश में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पुलिस प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय बाजारों, धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों और पर्यटन केंद्रों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में पुलिस की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को कानून व्यवस्था को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से कहा कि वे केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि खुद फील्ड में पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करें। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई की जाए।
बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बढ़ेगी पुलिस गश्त
मुख्यमंत्री ने प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा। संवेदनशील इलाकों में नियमित पुलिस मौजूदगी के साथ पैदल गश्त, रात के समय पेट्रोलिंग और नाकाबंदी बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को लगातार प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने आशंका जताई कि त्योहारों के दौरान पुलिस की व्यस्तता का फायदा नशा तस्कर उठा सकते हैं। इसलिए सक्रिय तस्करों और ड्रग माफिया की पहचान कर उनके नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए विशेष कार्रवाई की जाए।
साइबर अपराधियों पर रहेगी 24 घंटे निगरानी
दीपावली के आसपास ऑनलाइन खरीदारी और डिजिटल लेनदेन बढ़ने के साथ साइबर ठगी की आशंका भी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने साइबर टीमों को चौबीसों घंटे सक्रिय रखने और शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस को अपराधियों से दो कदम आगे रहकर उनके नेटवर्क और गतिविधियों की जानकारी जुटानी चाहिए, ताकि धोखाधड़ी की घटनाओं को समय रहते रोका जा सके।
सोशल मीडिया पर भी निगरानी मजबूत करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने साम्प्रदायिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर विशेष सतर्कता बरतने और अफवाह, भ्रामक सूचना या भड़काऊ सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके लिए सोशल मीडिया विशेषज्ञों की मदद लेने को भी कहा गया।
उन्होंने दीपावली से पहले सीएलजी सदस्यों, सीएलजी यूथ और सुरक्षा सखियों के साथ बैठकें करने की बात कही। किसी भी भ्रामक सूचना पर कार्रवाई से पहले तथ्यों की पुष्टि करने और फिर तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए।
आईजी और एसपी होंगे अपराध नियंत्रण के लिए जवाबदेह
मुख्यमंत्री ने सभी पुलिस महानिरीक्षकों और जिला पुलिस अधीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में अपराधों की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि हर जिले में अपराध की प्रकृति और बढ़ोतरी के कारणों का विस्तृत विश्लेषण किया जाए। इसके आधार पर रोकथाम के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण की जिम्मेदारी पुलिस नेतृत्व की है और आईजी-एसपी को इसके लिए जवाबदेही के साथ काम करना होगा।
महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कालिका पेट्रोलिंग यूनिट्स के काम की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन यूनिट्स के कारण महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों को समय रहते रोकने में मदद मिल रही है। महिलाओं से मिल रहे आभार पत्र और सकारात्मक प्रतिक्रियाएं इस व्यवस्था के प्रभाव को दर्शाती हैं। इससे महिलाओं में सुरक्षा और आत्मविश्वास की भावना भी मजबूत हो रही है।
यातायात, पार्किंग और अग्निशमन व्यवस्था पर जोर
त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए मुख्यमंत्री ने यातायात प्रबंधन और पार्किंग की बेहतर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए और एंबुलेंस सहित आपातकालीन सेवाओं के लिए रास्ते खुले रहने चाहिए। बाजारों में व्यापारियों के साथ बैठक कर उनके सुझाव लेने और सभी सीसीटीवी कैमरों को चालू रखने पर भी जोर दिया गया।
पटाखों की दुकानों पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के साथ अवैध बिक्री और भंडारण पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पटाखों की दुकानों वाले क्षेत्रों में अग्निशमन दल और आपातकालीन सेवाएं पूरी तरह तैयार रहें, ताकि आगजनी जैसी घटनाओं से तुरंत निपटा जा सके।
पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा का भी ध्यान
पर्यटन सीजन को देखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्थान आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा के साथ उनकी सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाए, ताकि वे यहां से अच्छा अनुभव लेकर लौटें।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) भास्कर ए. सावंत सहित पुलिस महानिरीक्षक और जिलों के पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े। वहीं, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री) अखिल अरोड़ा सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।