नाम बदलकर छिपा था 10 हजार का इनामी बदमाश, आखिर पुलिस के हत्थे चढ़ा
जयपुर। वांछित और इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विद्याधर नगर थाना पुलिस ने 10 हजार रुपये के इनामी बदमाश जुबैर उर्फ इरफान उर्फ भूरिया (27) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार अपने नाम और ठिकाने बदल रहा था।
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विद्याधर नगर थाने में मामला दर्ज है और उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। फरार आरोपी की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी की लोकेशन का पता लगाया। जानकारी मिली कि वह विश्वकर्मा थाना क्षेत्र के रोड नंबर-17 स्थित जेडीए कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। उसके अन्य आपराधिक मामलों और संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।
इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक देवीलाल, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल महेश कुमार और कांस्टेबल दिनेश कुमार शामिल रहे। आरोपी का सुराग लगाने और गिरफ्तारी में एएसआई देवीलाल और कांस्टेबल दिनेश कुमार की विशेष भूमिका रही।