टी20 वर्ल्ड कप से बाहर कमिंस बोले- वक्त ही नहीं मिला वापसी का
नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज और कप्तान पैट कमिंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम में जगह बनाने के बेहद करीब थे, लेकिन चोट से पूरी तरह उबरने में हुई देरी ने उनके अरमानों पर पानी फेर दिया। पीठ की समस्या के चलते उन्हें अंतिम 15 सदस्यीय टीम से बाहर रहना पड़ा।
कमिंस की जगह टीम में बेन ड्वार्शियस को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि वे खुद को शारीरिक रूप से बेहतर महसूस कर रहे थे, लेकिन मेडिकल टीम की सलाह के अनुसार उन्हें अभी और आराम की जरूरत थी।
आईसीसी के हवाले से दिए बयान में कमिंस ने कहा कि समय की कमी उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गई। उन्होंने बताया कि थोड़ी सी रुकावट के कारण उनकी वापसी तय समय पर नहीं हो सकी।
कमिंस के अनुसार, एडिलेड टेस्ट के बाद डॉक्टरों ने उन्हें चार से आठ हफ्तों तक आराम करने की सलाह दी थी। शुरुआत में लगा कि चार हफ्तों में वे फिट हो जाएंगे, लेकिन बाद की जांच में रिकवरी में ज्यादा वक्त लगने की बात सामने आई।
अब कमिंस की नजर मार्च में होने वाले आईपीएल पर टिकी है, जहां वे मैदान में वापसी कर सकते हैं। हालांकि उन्होंने साफ किया कि उनका असली लक्ष्य साल के अंत में होने वाले टेस्ट मैचों के लिए खुद को पूरी तरह तैयार करना है।
ऑस्ट्रेलियाई टीम का आने वाला शेड्यूल काफी व्यस्त रहने वाला है। बांग्लादेश, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और भारत के खिलाफ महत्वपूर्ण मुकाबले खेले जाने हैं, जिन्हें देखते हुए फिटनेस कमिंस की प्राथमिकता बनी हुई है।
वर्ल्ड कप से बाहर रहने के बावजूद कमिंस ने टीम पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ हालिया हार टीम की असली ताकत नहीं दर्शाती। कई खिलाड़ी बिग बैश से शानदार फॉर्म में लौट रहे हैं और कुछ चोट से उबर चुके हैं।
कमिंस के मुताबिक, टीम का मनोबल ऊंचा है और सभी खिलाड़ी इस बड़े टूर्नामेंट को लेकर उत्साहित हैं। ऑस्ट्रेलिया ग्रुप स्टेज में आयरलैंड, जिम्बाब्वे, ओमान और श्रीलंका से भिड़ेगा।