कृषि क्षेत्र में हुए अनुसंधानों का लाभ किसानों तक पहुंचाएं - क्षेत्रीय आयुक्त सीएडी
कोटा। क्षेत्रीय आयुक्त सिंचित क्षेत्र विकास विभाग श्री पीयूष समारिया की अध्यक्षता में बुधवार को चंबल कृषि अनुसंधान समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में रबी 2025-26 का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। साथ ही, रबी 2025-26 के प्रस्तावित कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। बैठक में कृषि अनुसंधान केन्द्र नान्ता फार्म कोटा एवं दीगोद कृषि अनुसंधान उपकेन्द्र में किए जाने वाले अनुसंधानों तथा इन अनुसंधानों से किसानों को होने वाले लाभ के बारे में जानकारी दी गई। बैठक में क्षेत्रीय आयुक्त सिंचित क्षेत्र विकास विभाग ने कहा कि रासायनिक खाद के प्रयोग के कमी लाने एवं जैविक खाद को बढ़ावा देने की दिशा में कृषि अनुसंधान केन्द्र सकारात्मक प्रयास करें। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में किए जा रहे अनुसंधान कार्यों एवं उनके परिणामों का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाएं। साथ ही, किसानों को जैविक खाद के उपयोग एवं नेनो यूरिया, नेनो डीएपी आदि के प्रयोग के बारे में जागरूक किया जाए। क्षेत्रीय निदेशक अनुसंधान केन्द्र उम्मेदगंज कोटा डॉ. बीएस मीणा ने बताया कि गन्ना, सरसों, गेहूं, धनिया आदि फसलों में अधिक एवं अच्छी उपज प्राप्त करने के लिए कृषि अनुसंधान केन्द्र द्वारा किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों के उपयोग की सलाह दी जाती है। उन्होंने केन्द्र द्वारा जैविक सरसों, जैविक धनिया, जैविक अलसी आदि के उत्पादन के लिए किए गए प्रयोग के बारे में जानकारी दी। साथ ही, टमाटर में प्रभावी खरपतवार नियंत्रण तथा पछेती जुलसा रोग से बचाव के लिए अनुसंधान के आधार पर किए गए प्रयोगों के बारे में बताया। बैठक अतिरिक्त क्षेत्रीय विकास आयुक्त श्री कुशल कोठारी, अतिरिक्त निदेशक कृषि श्री अशोक शर्मा, संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार श्री अतीश कुमार शर्मा, परियोजना निदेशक शस्य नांता फार्म श्री अब्दुल खान, कृषि विश्वविद्यालय एवं कृषि अनुसंधान केंद्रों के वैज्ञानिक उपस्थित थे।