एलिवेटेड रोड पर सोमवार से दो तरफा यातायात शुरू करने की कवायद
स्मार्ट सिटी सीईओ और एसीईओ ने किया स्मार्ट सिटी कार्यों का निरीक्षण, अधिकारियों की बैठक कर दिए आवश्यक दिशा निर्देश
अजमेर । जिला कलक्टर एवं अजमेर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. भारती दीक्षित और नगर निगम आयुक्त एवं अजमेर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सुशील कुमार ने गुरुवार को विभिन्न प्रोजेक्ट्स का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा निर्देश दिए। सबसे पहले स्मार्ट सिटी द्वारा खोले गए सीवरेज लाइन के मिसिंग लिंक का निरीक्षण किया।
जिला कलक्टर ने प्रमुख रूप से नाका मदार स्थित गांधी नगर एसबीआई के सामने 18 साल पुराने मिसिंग लिंक को देखा। जिसकी गहराई लगभग 28 फुट है। यह मिसिंग लिंक शहर में सबसे गहरा था। जिसे बॉक्स कलवर्ट द्वारा गहराई में जाकर मिसिंग लिंक का कार्य पूर्ण किया गया। इस कार्य के पूर्ण होने पर पुराना बंद पड़ा नेटवर्क उपयोग में आने से 15 सौ हाउस सीवर कनेक्शन कर दिए गए हैं। इसके बाद मेयो लिंक रोड पर शहर का पहला मैन हॉल विथ पम्पिंग का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें पंपिंग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। यह नेटवर्क भी लगभग18 साल पुराना था। इस पंपिंग स्टेशन के कारण बंद पड़ा नेटवर्क असतित्व में आ गया। कार्य पूर्ण होने पर क्षेत्र में लगभग 3 हजार हाउस सीवर कनेक्शन हो चुके हैं। इन दोनों नेटवर्क के कारण क्षेत्र में जल भराव की समस्या कम हो गई। तत्पश्चात जीसीए में बन रहे स्पोर्ट्स हॉल को देखा। उन्होंने जुलाई 23 तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। मोनिया पार्किंग में मानसून के दौरान पानी आने की संभावनाओं को देखते हुए स्थाई पंप लगाने के भी निर्देश दिए। सीईओ और एसीईओ ने कलेक्ट्रेट प्रशासनिक भवन का भी निरीक्षण किया। इसके बाद पुरानी पुरानी आरपीएससी के सामने एलिवेटेड रोड पर शुरू होने जा रहे दो तरफा यातायात को देखते हुए तिराहे को चौड़ा करने के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को निर्देशित किया। उल्लेखनीय है कि तिराहे की ड्राइंग को सीनियर टाउन प्लानर से अनुमोदन कराने के भी निर्देश दिए।
अधिकारियों की ली बैठक
निरीक्षण के पश्चात जिला कलक्टर डॉ. दीक्षित ने स्मार्ट सिटी एवं अन्य विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। रिव्यू बैठक में एलिवेटेड रो से संबंधित सभी अधिकारियों को रविवार शाम तक दो तरफा यातायात चालू करने हेतु सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। ताकि सोमवार सुबह से दो तरफा यातायात चालू किया जा सके। इसी प्रकार नसियां के सामने आ रही पाइप लाइन को 5 जुलाई तक पीएचईडी अधीक्षण अभियंता को शिफ्ट करने के निर्देश दिए। संत फ्रांसिस हॉस्पिटील के सामने नाले में आ रही पाइप लाइन को हटाने हेतु तकमीना बनाकर पेश करने के भी निर्देश दिए। टाटा पावर को पाबंद किया कि जहां पर भी रोड काटते हैं वहां रोड कटिंग का चार्ज संबंधित विभाग में जमा कराने के पश्चात ही कार्य आरंभ किया जाए।