Dark Mode
जयपुर में महिला स्मैक तस्कर गिरफ्तार, पुलिस के हत्थे चढ़ी 5.20 ग्राम नशीली खेप

जयपुर में महिला स्मैक तस्कर गिरफ्तार, पुलिस के हत्थे चढ़ी 5.20 ग्राम नशीली खेप

जयपुर। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जयपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खोह नागोरियान थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 5.20 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नशे के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से चश्मदीद कॉलोनी, लुणियावास और आचार्यों की ढाणी में विशेष सर्च अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक संदिग्ध महिला पर पुलिस की नजर गई।

सर्च अभियान के दौरान ब्राइट फ्यूचर एकेडमी स्कूल के पास स्थित आचार्यों की ढाणी से लाडा (25) नामक महिला को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। जांच में उसके पास से 5.20 ग्राम स्मैक बरामद होने पर उसे एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी महिला मूल रूप से टोंक जिले के जुगलपुरा खुर्द गांव की रहने वाली है और वर्तमान में खोह नागोरियान क्षेत्र में जेएनयू कॉलेज के पास रह रही थी।

पुलिस को शुरुआती पूछताछ में यह भी संकेत मिले हैं कि महिला पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी रही हो सकती है। इसी आधार पर उसका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी स्मैक कहां से लाती थी, किन लोगों तक इसकी सप्लाई करती थी और इस अवैध कारोबार में उसके साथ और कौन-कौन शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए पूछताछ जारी है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!