Dark Mode
मध्य पूर्व तनाव का असर, लाल निशान में खुला शेयर बाजार

मध्य पूर्व तनाव का असर, लाल निशान में खुला शेयर बाजार

मुंबई। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार कमजोर शुरुआत के साथ खुला। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और वैश्विक अनिश्चितता के बीच निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया, जिससे शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों दबाव में नजर आए।

सुबह 9:15 बजे बीएसई सेंसेक्स 472 अंक (0.62%) की गिरावट के साथ 77,672 पर कारोबार कर रहा था। वहीं, एनएसई निफ्टी 122 अंक (0.50%) फिसलकर 24,221 के स्तर पर पहुंच गया।

शुरुआती कारोबार में सबसे अधिक दबाव वित्तीय क्षेत्र के शेयरों पर देखने को मिला। निफ्टी प्राइवेट बैंक और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज प्रमुख गिरावट वाले सेक्टर रहे। इसके अलावा रियल्टी, ऑटो, एफएमसीजी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, सर्विसेज और डिफेंस इंडेक्स भी लाल निशान में कारोबार करते दिखे।

हालांकि, कुछ सेक्टरों में खरीदारी भी देखने को मिली। पीएसयू बैंक, फार्मा, हेल्थकेयर, मेटल, ऑयल एंड गैस, कमोडिटीज, एनर्जी और इन्फ्रास्ट्रक्चर से जुड़े शेयरों ने मजबूती दिखाई। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में कारोबार अपेक्षाकृत सीमित दायरे में रहा।

सेंसेक्स की कंपनियों में टेक महिंद्रा, भारती एयरटेल, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचसीएल टेक, टाटा स्टील, सन फार्मा, एनटीपीसी, अदाणी पोर्ट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट और एलएंडटी के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई। वहीं एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, इंडिगो, मारुति सुजुकी, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनिलीवर, बीईएल और बजाज फिनसर्व के शेयर दबाव में रहे।

विश्लेषकों के अनुसार बाजार में कमजोरी की प्रमुख वजह मध्य पूर्व में बढ़ता भू-राजनीतिक तनाव है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य घटनाक्रम तथा हॉर्मुज जलडमरूमध्य से कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंकाओं ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता का असर भारतीय बाजार पर भी दिखाई दिया।

एशियाई बाजारों में भी मिश्रित रुख देखने को मिला। शंघाई, हांगकांग और जकार्ता के बाजार बढ़त में रहे, जबकि सोल और बैंकॉक के सूचकांक गिरावट के साथ कारोबार करते दिखे। इससे पहले अमेरिकी बाजार शुक्रवार को कमजोरी के साथ बंद हुए थे, जहां डॉव जोन्स और नैस्डैक दोनों में गिरावट दर्ज की गई।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!