मेडिकल उपकरणों की जांच, सभी प्रतिष्ठानों पर व्यवस्थाएं सही मिलीं
प्रतापगढ़। विधिक माप विज्ञान विभाग की ओर से बुधवार को जिले में मेडिकल उपकरणों से संबंधित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। विधिक माप विज्ञान अधिकारी के द्वारा श्री मेडिकल स्टोर, महावीर मेडिकल स्टोर एवं पद्मावत मेडिकल स्टोर पर निरीक्षण कर मेडिकल उपकरणों से संबंधित व्यवस्थाओं एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। जांच के दौरान सभी प्रतिष्ठानों पर व्यवस्थाएं एवं कार्य नियमों के अनुरूप सही एवं संतोषजनक पाए गए। निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता नहीं मिली। विधिक माप विज्ञान विभाग द्वारा उपभोक्ताओं के हितों एवं मेडिकल उपकरणों की शुद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आगे भी नियमित जांच एवं निरीक्षण की कार्रवाई जारी रखी जाएगी।