जैसलमेर: जिला कलक्टर ने ग्राम पंचायत छोडिया में की रात्रि चौपाल ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
जैसलमेर। जिला कलक्टर प्रताप सिंह ने प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत छोडिया में रात्रि चौपाल आयोजित की। रात्रि चौपाल के दौरान जिला कलक्टर ने ग्राम स्तर पर जनहित से जुड़ी विभिन्न मूलभूत सुविधाओं एवं समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। ग्रामीणों ने साफ-सफाई, नालियों के निर्माण, खेतों तक जाने वाले मार्गों की स्थिति, आंगनवाड़ी केन्द्रों में शौचालय निर्माण, शिक्षा, विद्युत, विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता, पेयजल सहित अन्य महत्वपूर्ण समस्याओं से अवगत कराया। जिला कलक्टर ने प्रत्येक परिवाद को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का शीघ्र निराकरण प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है, एवं इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। रात्रि चौपाल से पूर्व सांगड तालाब के पीछे स्थित वाटिका में पौधारोपण कर जिला कलक्टर ने पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति प्रेम का संदेश भी दिया। रात्रि चौपाल में उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी सहित जिले के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे, जिन्होंने रात्रि चौपाल को प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ाने वाला प्रभावी मंच बताया।