जैसलमेर: चिकित्सा एवं स्वास्थ्य व जिला प्रभारी मंत्री ने ली समीक्षा बैठक: जनसेवा ही राज्य सरकार की प्राथमिकता,हर घोषणा धरातल पर दिखे - श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर
जैसलमेर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य व जिला प्रभारी मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने शनिवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय कार्यों, फ्लैगशिप योजनाओं एवं बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि जनसेवा ही राज्य सरकार की प्राथमिकता, हर घोषणा धरातल पर दिखे एवं हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं की पहुँच सुनिश्चित हो। जिला प्रभारी मंत्री खींवसर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में की गई घोषणाओं एवं बजट प्रावधानों का समयबद्ध क्रियान्वयन राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें एवं किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं को समय पर पूर्ण करें एवं जिला स्तर पर निरंतर मॉनिटरिंग करते रहें। आवश्यक होने पर उच्च स्तर पर भी समन्वय स्थापित किया जाए ताकि कार्यों में गति बनी रहे। बैठक में चिकित्सा मंत्री श्री खींवसर ने वर्ष 2024-25 की बजट घोषणाओं की प्रगति, वर्ष 2025-26 की घोषणाओं से संबंधित भूमि आवंटन प्रकरणों एवं जिले में चल रहे विभिन्न विभागीय कार्यों की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की। मूलभूत सुविधाओं पर विशेष जोर जिला प्रभारी मंत्री श्री खींवसर ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, विद्युत एवं चिकित्सा विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा करते हुए कहा कि आमजन को पेयजल, बिजली एवं स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए। साथ ही, उन्होंने जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि “कोई भी व्यक्ति प्यासा न रहे, विभाग यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक घर तक स्वच्छ एवं पर्याप्त जल पहुँचे। वहीं, विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति निर्बाध होनी चाहिए एवं कटौती के कारण आमजन को कोई असुविधा नहीं हो।