
पुलिस कमिश्नरेट में पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य लाभ के लिए हुआ "लाफ्टर योगा"
जयपुर। पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसफ के निर्देशानुसार शुक्रवार सुबह पुलिस कमिश्नरेट परिसर में हास्यम् संस्था द्वारा पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य लाभ और तनाव को दूर करने के उद्देश्य से लाफ्टर योगा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात एवं प्रशासन) योगेश दाधीच ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में यातायात पुलिसकर्मियों, पुलिस लाइन एवं थानों से चयनित जवानों ने भाग लिया। हास्यम् संस्था के योग प्रशिक्षकों ने उन्हें लाफ्टर योगाभ्यास करवाया। योगाभ्यास के माध्यम से पुलिसकर्मियों के मानसिक तनाव को दूर करने का प्रयास किया गया।
दाधीच ने बताया कि लाफ्टर योग पुलिसकर्मियों को न केवल तनाव से राहत देता है, बल्कि यह दैनिक दिनचर्या में शामिल करने पर दीर्घकालिक सकारात्मक प्रभाव भी डालता है। विषम परिस्थितियों में कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों के लिए यह अभ्यास अत्यंत उपयोगी है। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) देवेन्द्र कुमार विश्नोई, यातायात विभाग की शाहीन सी., अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) शिल्पा चौधरी, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) राजेन्द्र सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।