मेडिकल उपकरण विक्रेताओं पर विधिक माप विज्ञान विभाग की सख्ती: चित्तौड़गढ़ में तीन मेडिकल स्टोर्स का आकस्मिक निरीक्षण, MRP से अधिक वसूली नहीं मिली
चित्तौड़गढ़। उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा एवं मेडिकल उपकरणों की बिक्री में विधिक माप विज्ञान संबंधी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपभोक्ता मामले विभाग, जयपुर के माननीय मंत्री सुमित गोदारा के निर्देशानुसार विधिक माप विज्ञान विभाग द्वारा बुधवार को चित्तौड़गढ़ शहर में आकस्मिक जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत न्यू महावीर मेडिकल स्टोर, गैलेक्सी मेडिकोज एवं चौधरी मेडिकल स्टोर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान मेडिकल उपकरणों एवं संबंधित डिवाइस पर अंकित आवश्यक घोषणाओं, अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP), विक्रय मूल्य सहित विधिक माप विज्ञान संबंधी अन्य प्रावधानों के अनुपालन की जांच की गई।
निर्धारित MRP से अधिक वसूली नहीं
निरीक्षण के दौरान तीनों प्रतिष्ठानों पर विभागीय निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। जांच किए गए मेडिकल उपकरणों एवं संबंधित उत्पादों का विक्रय मूल्य निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) से अधिक नहीं पाया गया। मौके पर किसी प्रकार की अनियमितता अथवा नियमों का उल्लंघन भी सामने नहीं आया।
उपभोक्ता हितों की सुरक्षा के लिए जांच अभियान रहेगा जारी
विधिक माप विज्ञान अधिकारी श्री भगवतीलाल पालीवाल ने बताया कि उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा तथा बाजार में निर्धारित मानकों एवं नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा आकस्मिक जांच की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में मेडिकल उपकरणों के साथ-साथ अन्य पैकबंद वस्तुओं की भी जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान विधिक माप विज्ञान संबंधी प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।