Dark Mode
घर पर बनाएं बाजार जैसा क्रिस्पी पनीर टिक्का काठी रोल, स्वाद जीत लेगा दिल

घर पर बनाएं बाजार जैसा क्रिस्पी पनीर टिक्का काठी रोल, स्वाद जीत लेगा दिल

नई दिल्ली। जब भी कुछ मसालेदार और चटपटा खाने का मन करता है, तो काठी रोल का नाम सबसे पहले दिमाग में आता है। कोलकाता की गलियों से लोकप्रिय हुई यह डिश आज देशभर में पसंद की जाती है। अगर आप वेजिटेरियन हैं और कुछ खास ट्राई करना चाहते हैं, तो पनीर टिक्का काठी रोल आपके लिए परफेक्ट रेसिपी हो सकती है।

पनीर टिक्का काठी रोल की सबसे बड़ी खासियत इसका स्वाद और टेक्सचर है। इसमें मसालों में मैरिनेट किया हुआ पनीर, हल्का स्मोकी फ्लेवर, कुरकुरा पराठा और ताजी हरी चटनी का बेहतरीन कॉम्बिनेशन मिलता है। यह स्नैक बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है।

आवश्यक सामग्री

पनीर टिक्का के लिए:

  • 200 ग्राम पनीर (क्यूब्स में कटा हुआ)

  • 4 चम्मच गाढ़ा दही

  • 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट

  • 1 छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर

  • आधा-आधा छोटा चम्मच गरम मसाला और चाट मसाला

  • 1 छोटा चम्मच कसूरी मेथी

  • 1 चम्मच नींबू का रस

  • 1 बड़ा चम्मच सरसों का तेल

  • 1 कप शिमला मिर्च और प्याज

पराठे के लिए:

  • 1.5 कप गेहूं का आटा या मैदा

  • 2 चम्मच तेल या घी

  • नमक स्वादानुसार

  • जरूरत अनुसार पानी

फिलिंग के लिए:

  • पुदीना-धनिया की चटनी

  • लच्छेदार प्याज

  • चाट मसाला

  • नींबू का रस

  • मेयोनेज (वैकल्पिक)

बनाने की विधि

सबसे पहले दही, सरसों का तेल, अदरक-लहसुन पेस्ट, लाल मिर्च, गरम मसाला, चाट मसाला, कसूरी मेथी, नींबू का रस और नमक को एक बाउल में अच्छी तरह मिला लें। अब इसमें पनीर, प्याज और शिमला मिर्च डालकर मसाले में अच्छी तरह कोट करें और करीब 30 मिनट के लिए मैरिनेट होने दें।

इसके बाद एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें और मैरिनेट किया हुआ पनीर व सब्जियां डालकर मध्यम आंच पर पकाएं। जब पनीर हल्का सुनहरा और ग्रिल जैसा दिखने लगे, तब गैस बंद कर दें।

अब आटा या मैदा गूंथकर 10 मिनट के लिए ढककर रखें। फिर इसकी लोइयां बनाकर पराठे बेलें और तवे पर घी या तेल की मदद से दोनों तरफ से कुरकुरा होने तक सेंक लें।

तैयार पराठे के बीच में पनीर टिक्का, भुनी हुई सब्जियां, हरी चटनी और प्याज रखें। ऊपर से चाट मसाला और थोड़ा नींबू रस डालें। चाहें तो मेयोनेज भी लगा सकते हैं।

अंत में पराठे को कसकर रोल करें और बटर पेपर या फॉयल में लपेटकर गर्मागर्म सर्व करें। स्वादिष्ट और क्रिस्पी पनीर टिक्का काठी रोल तैयार है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!