ईवी कार के पार्ट्स चुराकर भागा मिस्त्री गिरफ्तार, 450 किमी पीछा कर दबोचा
जयपुर। बगरू थाना पुलिस ने इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) के महंगे पार्ट्स चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से एक मिस्त्री को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर करीब 450 किलोमीटर तक पीछा कर आरोपी को दबोचा और उसके कब्जे से लगभग छह लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद किया।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद शहजाद (51) निवासी अंसारियान, मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी पहले जयपुर स्थित एक वर्कशॉप में डेंटर (मिस्त्री) के रूप में काम करता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से टाटा नेक्सॉन ईवी का बैटरी चार्जर, ईसीएम, बीसीएम, बैटरी फ्यूज, कार की चाबियां, क्लॉक स्प्रिंग, किया कार की एक चाबी तथा चोरी की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (आरजे 14 एचई 3409) बरामद की है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब छह लाख रुपये बताई गई है।
थानाधिकारी राजेंद्र कुमार गोदारा ने बताया कि 15 जुलाई 2026 को वर्कशॉप संचालक विकास कुमावत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 14 जुलाई की सुबह वर्कशॉप पहुंचने पर मिस्त्री मोहम्मद शहजाद गायब मिला। जांच करने पर वर्कशॉप से ईवी कार के कई महंगे पार्ट्स, एयरबैग, कार की चाबी और अन्य उपकरण चोरी पाए गए। साथ ही वर्कशॉप की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी गायब थी।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में आरोपी की भूमिका सामने आई। बाद में आरोपी ने वर्कशॉप संचालक को संदेश भेजकर मोटरसाइकिल सिंधी कैंप पार्किंग में खड़ी होने की जानकारी दी और बाकी सामान लौटाने के बदले 50 हजार रुपये की मांग की। साथ ही पैसे नहीं मिलने पर सामान बेचने की धमकी भी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई। हेड कांस्टेबल गजेंद्र सिंह, कांस्टेबल हंसाराम और शैतान सिंह ने तकनीकी साक्ष्यों तथा मुजफ्फरनगर के सिविल लाइंस थाना पुलिस के सहयोग से आरोपी का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इससे पहले भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।