Dark Mode
21 साल बाद छलका मिनिषा लांबा का दर्द और प्यार, 'यहां' को लेकर लिखा भावुक नोट

21 साल बाद छलका मिनिषा लांबा का दर्द और प्यार, 'यहां' को लेकर लिखा भावुक नोट

मुंबई। शूजित सरकार के निर्देशन में बनी रोमांटिक वॉर ड्रामा 'यहां' ने अपनी रिलीज के 21 साल पूरे कर लिए हैं। इस खास मौके पर अभिनेत्री मिनिषा लांबा ने फिल्म से जुड़ी पुरानी यादों को ताजा करते हुए सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की और अपने सफर को याद किया।

मिनिषा लांबा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का एक वीडियो क्लिप साझा करते हुए निर्देशक शूजित सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि इस फिल्म में 'अदा' का किरदार निभाने का अवसर उनके अभिनय जीवन का अहम मोड़ साबित हुआ और इसी फिल्म ने उनके करियर को नई दिशा दी।

अपने पोस्ट में उन्होंने सह-कलाकार जिम्मी शेरगिल की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा कि फिल्म का हर दृश्य उनकी पहली फिल्म की खूबसूरत यादों से जुड़ा हुआ है और जिम्मी शेरगिल स्क्रीन पर हमेशा की तरह बेहद प्रभावशाली और आकर्षक नजर आते हैं।

साल 2005 में रिलीज हुई 'यहां' मिनिषा लांबा के करियर की चर्चित फिल्मों में गिनी जाती है। फिल्म में उन्होंने एक युवा कश्मीरी मुस्लिम लड़की अदा का किरदार निभाया था, जिसे भारतीय सेना के एक अधिकारी से प्रेम हो जाता है। जिम्मी शेरगिल ने सेना के अधिकारी की भूमिका निभाई थी।

कश्मीर की पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म में प्रेम, संघर्ष और आतंकवाद से प्रभावित जीवन की संवेदनशील कहानी दिखाई गई थी। फिल्म ने सेना और आम लोगों के बीच मौजूद जटिल परिस्थितियों के साथ मानवीय रिश्तों को भी बेहद भावनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।

फिल्म की शूटिंग कश्मीर घाटी के वास्तविक इलाकों में की गई थी, जिससे इसकी कहानी और दृश्य अधिक वास्तविक नजर आए। रिलीज के बाद फिल्म को अपनी संवेदनशील कहानी, निर्देशन और कलाकारों के अभिनय के लिए सराहना मिली थी।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!