भारत-पोलैंड की दोस्ती को नई रफ्तार, रक्षा और स्पेस टेक्नोलॉजी में निवेश पर चर्चा
नई दिल्ली. भारत और पोलैंड के बीच व्यापारिक और तकनीकी संबंधों को नई मजबूती देने की कोशिशें तेज हो रही हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने पोलैंड की राजधानी वारसॉ में कई प्रमुख कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकें कीं। इन मुलाकातों में दोनों देशों के बीच निवेश बढ़ाने, नई तकनीकों पर मिलकर काम करने और औद्योगिक साझेदारी विकसित करने के मुद्दे प्रमुख रहे।
जितिन प्रसाद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इन बैठकों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि पोलैंड की अग्रणी कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ रक्षा, अंतरिक्ष, सूचना प्रौद्योगिकी, उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर विचार किया गया। इसके अलावा संयुक्त अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) और तकनीकी साझेदारी को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
रक्षा तकनीक और ड्रोन क्षेत्र में सहयोग पर जोर
वारसॉ दौरे के दौरान मंत्री ने पोलैंड की प्रमुख रक्षा एवं प्रौद्योगिकी कंपनी डब्ल्यूबी ग्रुप का दौरा किया। यहां उन्होंने कंपनी के अध्यक्ष पिओटर वोज्चेखोव्स्की से मुलाकात की। बैठक में अगली पीढ़ी की रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स, मानवरहित हवाई प्रणालियों (यूएवी), आधुनिक संचार तकनीक और स्वायत्त प्रणालियों में सहयोग की संभावनाओं पर बातचीत हुई।
इस तरह की साझेदारी से दोनों देशों के रक्षा तकनीक और सामरिक इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में नए अवसर विकसित हो सकते हैं।
एआई और आईटी में निवेश की संभावनाएं
डिजिटल क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए जितिन प्रसाद ने वैश्विक आईटी और क्लाउड सेवा कंपनी बिलेनियम के सीईओ गावेल लोपिंस्की से भी मुलाकात की। इस कंपनी की पुणे में पहले से मौजूदगी है।
बैठक में भारत के डिजिटल टैलेंट, क्लाउड ट्रांसफॉर्मेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के तेजी से बढ़ते बाजार पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने आईटी क्षेत्र में नए निवेश और तकनीकी सहयोग के अवसर तलाशने पर भी विचार किया।
अंतरिक्ष और क्वांटम तकनीक में भी साझेदारी
अंतरिक्ष तकनीक के क्षेत्र में सहयोग को लेकर मंत्री ने पोलैंड की कंपनी क्रियोटेक इंस्ट्रूमेंट्स के सह-संस्थापक डॉ. ग्रेजेगोरज ब्रॉना और उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी ग्रेजेगोर्ज व्रोचना से बातचीत की।
इस बैठक में माइक्रो-सैटेलाइट, अंतरिक्ष हार्डवेयर, उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स और क्वांटम टेक्नोलॉजी जैसे उभरते क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया। भारत के तेजी से विस्तार करते अंतरिक्ष उद्योग में संयुक्त अनुसंधान और निवेश की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
इसके अलावा जितिन प्रसाद ने बोरिस्जेव ग्रुप के बोर्ड सदस्य एडम होलेवा तथा मैफ्लो और बीएपी ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से भारतीय दूतावास में मुलाकात की। यहां तकनीकी साझेदारी, संयुक्त उद्यम और नए निवेश अवसरों को लेकर विचार-विमर्श हुआ।
मेक इन इंडिया के तहत निवेश को प्रोत्साहन
इन बैठकों में भारत सरकार की मेक इन इंडिया पहल और उत्पादन आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजनाओं के तहत पोलिश कंपनियों के लिए निवेश के अवसरों पर भी जोर दिया गया।
जितिन प्रसाद ने कहा कि भारत और पोलैंड के बीच औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने से दोनों देशों के कारोबार को नए अवसर मिल सकते हैं। साथ ही वैश्विक सप्लाई चेन को अधिक सक्षम और मजबूत बनाने में भी ऐसी साझेदारियां अहम भूमिका निभा सकती हैं।
गौरतलब है कि दोनों देश रक्षा, डिजिटल तकनीक, अंतरिक्ष और विनिर्माण जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं। वारसॉ में हुई ये बैठकें इसी प्रयास का हिस्सा हैं, जिनसे आने वाले समय में व्यापार, निवेश और तकनीकी साझेदारी के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।