ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के चौथे दिन जिलेभर में सतत खाद्य प्रणाली को लेकर हुए जागरूकता कार्यक्रम
झालावाड़। BRICS Sustainable Lifestyle Week के चतुर्थ दिवस के अवसर पर Adopt Sustainable Food System (सतत खाद्य प्रणाली अपनाना एवं मोटे अनाज के उपयोग को प्रोत्साहन) विषय पर कार्यशाला का आयोजन जैविक खेती उत्कृष्टता केंद्र, झालरापाटन में किया गया। कार्यशाला में जिले के कुल 130 किसानों, कृषि उद्यमियों, प्रगतिशील किसानों एवं कृषि विभाग के कार्मिकों ने भाग लिया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य किसानों को सतत एवं पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों, जैविक खेती, मोटे अनाजों के पोषण महत्व, कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन, कृषि आधारित लघु उद्योगों की स्थापना तथा स्थानीय कृषि उत्पादों के बेहतर विपणन के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के महाप्रबंधक एवं जिले के BRICS Sustainable Lifestyle Week के जिला प्रभारी श्री शम्भू सिंह रावत ने जिले में उत्पादित कृषि एवं उद्यानिकी उत्पादों के प्रसंस्करण उद्योग स्थापित करने की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने संतरा, लहसुन, धनिया, गेहूं, सरसों एवं चना आदि उत्पादों से विभिन्न प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थ तैयार करने, ग्रेडिंग, पैकेजिंग एवं मूल्य संवर्धन के माध्यम से स्थानीय स्तर पर लघु उद्योग स्थापित करने के लिए युवाओं एवं किसानों को प्रेरित किया। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की जानकारी देते हुए पात्र युवाओं को स्वयं का व्यवसाय एवं उद्योग स्थापित करने के लिए उपलब्ध ऋण सुविधा, अनुदान एवं सब्सिडी के प्रावधानों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जिले के स्थानीय कृषि उत्पादों पर आधारित प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। प्रगतिशील जैविक कृषि पुरस्कार प्राप्त किसान श्री देवीलाल गुर्जर ने स्थानीय वनस्पतियों एवं प्राकृतिक संसाधनों से जैविक कीटनाशक एवं जैविक पोषक तत्व तैयार करने की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नीम, करंज, लहसुन, मिर्च आदि वनस्पतियों के उपयोग से प्राकृतिक कीट प्रबंधन तथा जैविक संसाधनों के माध्यम से मृदा स्वास्थ्य सुधारने की उपयोगिता समझाई। जैविक खेती पुरस्कार प्राप्त किसान श्री कन्हैयालाल लोधा ने सतत कृषि में जैविक कार्बन एवं वर्मी कम्पोस्ट के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जैविक खाद एवं वर्मी कम्पोस्ट के उपयोग से मृदा में जैविक पदार्थों की मात्रा, जल धारण क्षमता एवं सूक्ष्मजीवों की सक्रियता में सुधार होता है। उन्होंने फसल अवशेषों एवं कृषि अपशिष्ट का उपयोग कर जैविक खाद तैयार करने तथा मृदा की दीर्घकालीन उर्वरता बनाए रखने की आवश्यकता बताई। कृषि विज्ञान केंद्र के विषय विशेषज्ञ डॉ. मोहम्मद यूनुस ने कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन, कृषि विपणन, ग्रेडिंग, पैकिंग एवं वैक्सिंग की तकनीकी जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि कृषि उत्पादों की गुणवत्ता के अनुसार ग्रेडिंग, उचित पैकेजिंग एवं बाजार की मांग के अनुरूप प्रसंस्करण करने से उत्पादों का बेहतर मूल्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने संतरा एवं अन्य उद्यानिकी उत्पादों के विपणन में गुणवत्ता प्रबंधन तथा पैकेजिंग की भूमिका समझाई। साथ ही किसानों को केवल उत्पादक न रहकर एंटरप्रेन्योर (उद्यमी) बनने, स्वयं के ब्रांड विकसित करने तथा स्थानीय एवं बड़े बाजारों में अपने उत्पादों का विपणन करने के लिए प्रेरित किया। जैविक खेती उत्कृष्टता केंद्र, झालरापाटन के विशेषज्ञ डॉ. उमेश धाकड़ ने सतत कृषि विकास में जैविक खेती की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जैविक खेती में जैविक खाद, वर्मी कम्पोस्ट, हरी खाद, फसल चक्र, मिश्रित खेती एवं फसल अवशेष प्रबंधन जैसी पद्धतियां मृदा स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, जैव विविधता को बढ़ावा देने तथा कृषि उत्पादन को दीर्घकालीन रूप से टिकाऊ बनाने के लिए वैज्ञानिक तरीके से जैविक कृषि पद्धतियां अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सहायक निदेशक कृषि (विस्तार) श्री भूपेंद्र सिंह ने भी सहभागिता की तथा सतत कृषि एवं कृषि विभाग की गतिविधियों के संदर्भ में मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यशाला में विशेषज्ञों ने सामूहिक रूप से सतत खाद्य प्रणाली के अंतर्गत कृषि उत्पादन से लेकर प्रसंस्करण, भंडारण, विपणन एवं उपभोग तक की संपूर्ण प्रक्रिया को पर्यावरण अनुकूल एवं आर्थिक रूप से लाभकारी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने स्थानीय स्तर पर उत्पादित कृषि उपज का मूल्य संवर्धन करने, मोटे अनाजों को दैनिक आहार में शामिल करने तथा कृषि आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम का मंच संचालन श्री रामकुंवार वर्मा, सहायक निदेशक कृषि एवं श्री महेंद्र शर्मा, सहायक कृषि अधिकारी द्वारा किया गया। कार्यशाला में जिले के 130 प्रतिभागियों की सहभागिता के माध्यम से किसानों, कृषि उद्यमियों एवं कृषि विभाग के कार्मिकों के बीच सतत खाद्य प्रणाली, पोषण सुरक्षा, जैविक कृषि एवं कृषि आधारित स्वरोजगार के प्रति जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया गया।