Dark Mode
ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह कार्यक्रम के चौथे दिन संतुलित आहार एवं मोटे अनाज के महत्व पर दिया संदेश

ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह कार्यक्रम के चौथे दिन संतुलित आहार एवं मोटे अनाज के महत्व पर दिया संदेश

धौलपुर। ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों की श्रृंखला में चौथे दिवस आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में संतुलित भोजन एवं मोटे अनाज के महत्व पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पौष्टिक आहार, संतुलित भोजन तथा दैनिक जीवन में मोटे अनाजों के उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य आयोजना अधिकारी मनोज कुमार सिंघल एवं अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक नीरू जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए संतुलित आहार के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्वस्थ शरीर एवं बेहतर जीवनशैली के लिए भोजन में आवश्यक पोषक तत्वों का समावेश अत्यंत जरूरी है। मोटे अनाज जैसे बाजरा, ज्वार, रागी एवं मक्का पोषण के महत्वपूर्ण स्रोत हैं। इनमें प्रचुर मात्रा में फाइबर, आयरन, कैल्शियम एवं अन्य आवश्यक पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बदलती खानपान की आदतों के बीच पारंपरिक मोटे अनाजों को दैनिक भोजन में शामिल करना समय की आवश्यकता है। मोटे अनाजों का नियमित सेवन पाचन तंत्र को बेहतर बनाने, शरीर को आवश्यक पोषण प्रदान करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में सहायक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं अपने खानपान में पौष्टिक खाद्य पदार्थों को प्राथमिकता दें तथा अपने परिवार एवं समाज को भी मोटे अनाजों के महत्व के प्रति जागरूक करें। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मदन मोहन त्यागी, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी रामवीर सिंह त्यागी, प्रेमकांत त्यागी, भरत सहित अन्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को संतुलित एवं पौष्टिक भोजन अपनाने तथा दैनिक आहार में मोटे अनाजों एवं पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों के उपयोग को बढ़ावा देने की शपथ दिलाई गई। ब्रिक्स सतत जीवन शैली सप्ताह के अन्तर्गत पाचवें दिवस 5 नवम्बर को एकल-उपयोग वाले प्लास्टिक को ना कहें विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!