Dark Mode
12 साल पूरे होने पर पीएम मोदी का संदेश, विकसित भारत के संकल्प को दोहराया

12 साल पूरे होने पर पीएम मोदी का संदेश, विकसित भारत के संकल्प को दोहराया

New Dehli : केंद्र में लगातार 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को संबोधित करते हुए अपनी सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की प्राथमिकताओं को सामने रखा। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में सरकार ने ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ काम करते हुए विकास और जनकल्याण को केंद्र में रखा है। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि विकसित भारत के निर्माण के लिए सेवा, सुशासन और समृद्धि का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। करोड़ों महिलाओं को जन-धन योजना से बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है, जबकि स्वयं सहायता समूहों और ‘लखपति दीदी’ जैसे अभियानों ने ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सेना में महिलाओं को स्थायी कमीशन जैसे फैसलों को भी उन्होंने बड़े बदलाव के रूप में उल्लेखित किया।

स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया गया है। साथ ही देशभर में संचालित जन औषधि केंद्र आम लोगों को सस्ती दवाएं उपलब्ध करा रहे हैं, जिससे इलाज का खर्च कम हुआ है।

बुनियादी ढांचे के विकास को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में गिनाते हुए उन्होंने बताया कि देश में मेट्रो नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ है और वंदे भारत ट्रेनों ने रेल यात्रा को नई पहचान दी है। अटल सेतु, चिनाब रेल ब्रिज, सुदर्शन सेतु, बोगीबील ब्रिज और पंबन पुल जैसी परियोजनाएं आधुनिक भारत की प्रगति को दर्शाती हैं। वहीं हवाई अड्डों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कौशल विकास कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया गया है। मुद्रा योजना के माध्यम से लाखों उद्यमियों को वित्तीय सहायता मिली है, जबकि स्टार्टअप इकोसिस्टम और अटल टिंकरिंग लैब जैसी पहलें नवाचार को नई दिशा दे रही हैं।

गरीब कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन की सुविधा मिल रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और स्वच्छता अभियान के तहत बने शौचालयों ने गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने किसान कल्याण, राष्ट्रीय सुरक्षा और मध्यम वर्ग को दी गई कर राहत को भी सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल महालोक और केदारनाथ धाम के पुनर्विकास जैसे कार्य देश की सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक विकास के संतुलित दृष्टिकोण को प्रदर्शित करते हैं।

अपने संदेश के अंत में प्रधानमंत्री ने देशवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 140 करोड़ भारतीयों के विश्वास और सहयोग से भारत लगातार नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है और विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प को पूरा करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!