Dark Mode
‘तनु वेड्स मनु : द नेक्स्ट चैप्टर’ की तैयारियां तेज, इसी साल शुरू होगी शूटिंग

‘तनु वेड्स मनु : द नेक्स्ट चैप्टर’ की तैयारियां तेज, इसी साल शुरू होगी शूटिंग

मुंबई। सुपरहिट फिल्म फ्रेंचाइजी ‘तनु वेड्स मनु’ के प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। इस लोकप्रिय सीरीज के तीसरे भाग ‘तनु वेड्स मनु : द नेक्स्ट चैप्टर’ की तैयारियां तेज हो गई हैं और फिल्म की शूटिंग इसी वर्ष शुरू होने जा रही है। हाल ही में इरोज इनोवेशन द्वारा जारी नई कंटेंट लाइनअप में इस बहुप्रतीक्षित प्रोजेक्ट की आधिकारिक घोषणा की गई।

फिल्म का निर्देशन मिताक्षरा कुमार करेंगी, जिन्होंने इससे पहले ‘हीरामंडी’ और ‘द एम्पायर’ जैसे चर्चित प्रोजेक्ट्स में अपने काम से पहचान बनाई है। फिल्म का निर्माण रुद्रक सोमा ज्योति लिमिटेड के सहयोग से किया जाएगा। ‘तनु वेड्स मनु’ फ्रेंचाइजी पहले ही दर्शकों के बीच अपनी खास जगह बना चुकी है और अब इसके नए अध्याय को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।

इरोज इनोवेशन ने अपनी नई कंटेंट रणनीति के तहत तीन प्रमुख पहलों की घोषणा की है। इनमें सबसे खास ‘इरोज ब्रह्मांड’ है, जो भारतीय पौराणिक कथाओं और लोककथाओं पर आधारित एक नया सिनेमाई यूनिवर्स होगा। इसके तहत नौ ओरिजिनल प्रोजेक्ट्स विकसित किए जाएंगे, जिनमें ‘नंदी – वॉर ऑफ कैलाश’, ‘द्वारका: गेटवे टू द यूनिवर्स’, ‘विमान वॉर्स’, ‘महाभारत 5000 एडी’, ‘यक्षिणी’, ‘ब्रह्मराक्षस’, ‘गरुड़’, ‘कुंभयन्न’ और ‘मनसा देवी’ शामिल हैं। इन सभी कहानियों को आपस में जोड़कर एक व्यापक और रोचक कथा संसार तैयार किया जाएगा।

कंपनी की दूसरी पहल ‘इरोज यूनिवर्स’ है, जिसके तहत कई लोकप्रिय फिल्मों को नए रूप में आगे बढ़ाया जाएगा। इस सूची में ‘तनु वेड्स मनु : द नेक्स्ट चैप्टर’ के अलावा ‘फोबिया’, ‘इंग्लिश विंग्लिश’, ‘देसी बॉयज’, ‘रंगीला’ और ‘तेरे नाम’ जैसी चर्चित फिल्में शामिल हैं। कंपनी के अनुसार इन कहानियों को फिल्मों, एनीमेशन, माइक्रोड्रामा और कैरेक्टर-आधारित कंटेंट के माध्यम से नए अंदाज में दर्शकों तक पहुंचाया जाएगा।

तीसरी पहल ‘इरोज रीमास्टर्ड’ है, जिसकी शुरुआत रजनीकांत अभिनीत ‘कोचादाइयां’ से होगी। भारत की पहली मोशन-कैप्चर फीचर फिल्म मानी जाने वाली इस फिल्म को सौंदर्या रजनीकांत के रचनात्मक नेतृत्व में नए सिरे से रीस्टोर और रीइमैजिन किया जाएगा।

इरोज इनोवेशन के संस्थापक एवं चेयरमैन किशोर लुल्ला ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य पौराणिक कथाओं, लोकप्रिय फिल्मों और क्लासिक सिनेमा को एक मंच पर लाकर ऐसी कहानियां प्रस्तुत करना है जो हर पीढ़ी के दर्शकों को जोड़ सकें।

वहीं, को-फाउंडर एवं को-प्रेसिडेंट रिधिमा लुल्ला ने कहा कि नई कंटेंट लाइनअप कहानी कहने के नए और रचनात्मक तरीकों के प्रति कंपनी की महत्वाकांक्षा को दर्शाती है।

 
 
 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!