रकुल बोलीं- जैकी के साथ आधा वक्त काम, बाकी हंसी-मजाक और खाने में जाता है
मुंबई। अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह और जैकी भगनानी की जोड़ी पर्दे के साथ-साथ निजी जिंदगी में भी एक-दूसरे का साथ देती नजर आती है। दोनों ने अपने रिश्ते को काफी हद तक निजी रखा है, लेकिन सोशल मीडिया पर कभी-कभी उनकी साथ की तस्वीरें और खास पल फैंस का ध्यान खींच लेते हैं।
हाल ही में रकुल ने इंस्टाग्राम पर जैकी के साथ कुछ तस्वीरें साझा करते हुए उनके साथ काम करने के अनुभव के बारे में बताया। अभिनेत्री ने कहा कि जब लोग उनसे पूछते हैं कि पति के साथ काम करना कैसा रहता है, तो इसका जवाब उनके लिए काफी आसान है।
रकुल के मुताबिक, दोनों का काफी समय काम को लेकर बातचीत करने में बीतता है। इसके बाद हंसी-मजाक और खाने की चर्चा का सिलसिला चलता रहता है। उन्होंने कहा कि उन्हें यह तालमेल पसंद है, क्योंकि दोनों की सोच और काम को लेकर ऊर्जा काफी हद तक एक जैसी है।
अभिनेत्री ने यह भी बताया कि जब दो लोग किसी प्रोजेक्ट को लेकर समान उत्साह रखते हैं तो साथ मिलकर कुछ नया तैयार करने का अनुभव और खास हो जाता है। उनके अनुसार, साथ मिलकर जिंदगी आगे बढ़ाना अपने आप में अलग अनुभव है, लेकिन जब दोनों किसी ऐसे काम का हिस्सा बनते हैं जिसे लेकर वे उत्साहित हों, तो सफर और भी यादगार हो जाता है।
रकुल और जैकी ने 2021 में अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था। इसके करीब तीन साल बाद दोनों ने 2024 में गोवा में शादी की। शादी समारोह में परिवार के करीबी सदस्य और खास दोस्त शामिल हुए थे।
शादी के बाद भी दोनों अपने-अपने प्रोफेशन में सक्रिय हैं। दोनों को कई मौकों पर एक-दूसरे के काम को सपोर्ट करते हुए देखा गया है। रकुल की हालिया पोस्ट भी इसी आपसी तालमेल और दोस्ताना बॉन्डिंग की झलक देती है।