सवाई माधोपुर: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के मुख्य आतिथ्य में होगा अमरूद महोत्सव का शुभारंभ
कृषि मंत्री डॉ. मीणा और कलक्टर ने तैयारियों का लिया जायजा
सवाई माधोपुर। सवाई माधोपुर के 263वें स्थापना दिवस के दूसरे दिन देश में पहली बार होने अमरूद महोत्सव का शुभारम्भ रविवार को प्रातः 11 बजे दशहरा मैदान में किया जाएगा। इस आयोजन के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे। राज्य के कृषि उद्यानिकी एवं आपदा प्रबन्धन मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। अमरूद महोत्सव की तैयारियों का कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा एवं जिला कलक्टर काना राम ने शनिवार को निरीक्षण किया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनीवाल ने सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी दी। कृषि मंत्री ने कहा कि यह आयोजन सवाई माधोपुर के लिए अब तक का सबसे भव्य एवं गौरवपूर्ण कृषि आयोजन होगा और अधिक से अधिक किसानों, कृषि उद्यमियों और युवाओं से इसमें शामिल होकर लाभान्वित होने की अपील की। गौरतलब है कि अमरूद महोत्सव का आयोजन सवाई माधोपुर और आस-पास अन्य जिलों के किसानों की मेहनत और क्षेत्र की कृषि पहचान को दिलाने का अभिनव प्रयास है। इस आयोजन के जरिए सवाई माधोपुर में उत्पादित उच्च गुणवत्ता के अमरूद की मांग अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे। इसके साथ-साथ कृषि उन्नत तकनीक मेले के आयोजन से किसानों को बेहतर मूल्य, आधुनिक तकनीक और बाजार से जुड़ने का मौका मिलेगा। अमरूद महोत्सव में 200 से अधिक स्टॉल्स होंगी :- जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि 18 एवं 19 जनवरी को आयोजित दो दिवसीय महोत्सव में अमरूद प्रदर्शनी, प्रसंस्करण उत्पाद, कृषि यंत्रीकरण एवं ऑटोमेशन, उद्यानिकी तकनीक, कृषि आदान, समन्वित खेती आधारित पशुधन गतिविधियों के लाइव डेमोंस्ट्रेशन सहित लगभग 200 स्टॉल लगाए जाएंगे। इसमें टोंक, जयपुर, कोटा, बूंदी, भीलवाड़ा, दौसा, करौली सहित विभिन्न जिलों से हजारों किसान शामिल होंगे। फल-फूल प्रर्दशनी का होगा आयोजन, 20 से अधिक राज्यों की नर्सरियां होंगी शामिल :- महोत्सव के अंतर्गत 18 जनवरी को फल-फूल प्रदर्शनी, किस्मवार अमरूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। देश के विभिन्न राज्यों से 20 से अधिक उच्च गुणवत्तापूर्ण नर्सरियां भाग लेंगी, जहां अमरूद की लगभग 30 किस्मों के पौधे उपलब्ध रहेंगे। किसान पौधों की खरीद के साथ थोक बुकिंग भी कर सकेंगे। वैल्यू-एडेड उत्पाद, ड्रोन व हाई-टेक बागवानी होंगे आकर्षण :- अमरूद महोत्सव के दौरान इस फल से बनने वाले वैल्यू-एडेड उत्पादों जैसे जूस, जैली, स्क्वैश, पल्प, बर्फी, चटनी एवं आचार आदि की प्रदर्शनी लगेगी। इस दौरान कृषक-वैज्ञानिक संवाद एवं क्रेता-विक्रेता संगोष्ठी का आयोजन भी किया जाएगा। स्थापना दिवस के दूसरे दिन होंगे विभिन्न कार्यक्रम :- सवाई माधोपुर स्थापना दिवस समारोह के दूसरे दिन रविवार को प्रातः 8 बजे लवकुश वाटिका चौथ का बरवाड़ा में नेचर वॉक (प्रकृति की सैर), प्रातः 10 बजे पुलिस लाइन मैदान में फुटबॉल मैच, दोपहर 2 बजे दशहरा मैदान में कन्हैया पद दंगल और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।