Dark Mode
शनाका का तूफान, CPL में सबसे तेज शतक से सेंट किट्स की बड़ी जीत

शनाका का तूफान, CPL में सबसे तेज शतक से सेंट किट्स की बड़ी जीत

वार्नर पार्क। कैरेबियन प्रीमियर लीग 2026 में सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स ने सेंट लूसिया किंग्स के खिलाफ धमाकेदार जीत दर्ज की। मुकाबले के सबसे बड़े हीरो श्रीलंकाई ऑलराउंडर दासुन शनाका रहे, जिन्होंने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से CPL का नया रिकॉर्ड कायम कर दिया। शनाका ने महज 39 गेंदों में शतक पूरा करते हुए लीग इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ दिया।

टॉस जीतकर सेंट लूसिया किंग्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन उसका यह निर्णय जल्द ही गलत साबित होता नजर आया। सेंट किट्स की शुरुआत खराब रही और काइल मायर्स सिर्फ एक रन बनाकर टीम के 8 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गए।

इसके बाद जॉनसन चार्ल्स और आंद्रे फ्लेचर ने पारी को संभाला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 81 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। चार्ल्स 23 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए, जबकि फ्लेचर ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखते हुए 38 गेंदों में 64 रन बनाए। उनकी पारी में 6 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।

फ्लेचर के आउट होने के बाद मुकाबले की तस्वीर ही बदल गई। चौथे नंबर पर उतरे दासुन शनाका ने वार्नर पार्क में ऐसा बल्लेबाजी शो दिखाया कि सेंट लूसिया के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए। उन्होंने मैदान के चारों तरफ शॉट लगाए और आखिरी ओवरों में रनगति को बेकाबू कर दिया।

शनाका ने महज 39 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और इसके साथ ही CPL इतिहास में सबसे तेज सेंचुरी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने 43 गेंदों पर नाबाद 121 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 12 छक्के शामिल थे। उनकी पारी के दम पर सेंट किट्स एंड ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 235 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। वानिंदु हसरंगा 6 गेंदों पर 9 रन बनाकर नाबाद रहे।

236 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट लूसिया किंग्स की पारी शुरुआत से ही लड़खड़ा गई। टीम के लिए टिम सिफर्ट ने 36 गेंदों में 50 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। पूरी टीम 13.5 ओवर में 98 रन पर सिमट गई।

सेंट किट्स की गेंदबाजी में जेरेमिया लुईस सबसे प्रभावी रहे। उन्होंने सिर्फ 2.5 ओवर में 10 रन देकर 5 विकेट झटके और सेंट लूसिया की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। वानिंदु हसरंगा और अश्मिड नेड ने दो-दो विकेट लिए, जबकि नसीम शाह को एक सफलता मिली।

इस तरह सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स ने मुकाबला 137 रन के बड़े अंतर से अपने नाम किया। बल्ले से रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन करने वाले दासुन शनाका को उनके शानदार खेल के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!