श्रीगंगानगर: ग्रामीण सेवा शिविर में दूर हुईं नाम की अशुद्धियां, अब मिल सकेगा योजनाओं का लाभ
श्रीगंगानगर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार जिले में आयोजित हो रहे ग्रामीण सेवा शिविरों में हाथों-हाथ आमजन की समस्याओं का समाधान हो रहा है। साथ ही उन्हें केन्द्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का मौके पर ही लाभ मिल रहा है। राहत मिलने पर लाभार्थियों द्वारा माननीय मुख्यमंत्री और राजस्थान सरकार का आभार जताया जा रहा है। श्रीगंगानगर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत साधुवाली में आयोजित शिविर के दौरान श्री प्रेमलाल पुत्र श्री हरचंद निवासी साधुवाली ने प्रार्थना पत्र दिया कि उसकी कृषि भूमि चक 1 डी छोटी खाता संख्या 92/90 में है। इसमें प्रार्थी का नाम प्रेमलाल की जगह प्रेमपाल दर्ज है, जिसे शुद्ध किया जावे। प्रार्थी लिछमण राम पुत्र पूर्ण सिंह ने प्रार्थना पत्र दिया कि उनकी कृषि भूमि चक 1 डी छोटी खाता संख्या 82/62 में दर्ज है, जिसमें प्रार्थी का नाम लक्ष्मण पुत्र पूर्ण सिंह दर्ज है जबकि अन्य दस्तावेजों में सही नाम लिछमण राम अंकित है। नाम में अंतर होने के कारण उन्हें कृषि भूमि संबंधी सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। जमाबंदी में भी लक्ष्मण की जगह लिछमण राम दर्ज करने का निवेदन किया। इसी तरह प्रार्थी गोपाल राम पुत्र पतराम बिश्नोई निवासी 1 डी छोटी ने प्रार्थना पत्र दिया कि उनकी कृषि भूमि चक 1 डी छोटी खाता संख्या 140/72 में दर्ज है। इसमें प्रार्थी का नाम गोपाल पुत्र पतराम दर्ज है। नाम में अंतर होने के कारण प्रार्थी को कृषि भूमि संबंधी सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। प्रार्थी के आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र आदि दस्तावेजों में गोपाल राम पुत्र पतराम दर्ज है। प्रार्थी ने जमाबंदी में भी गोपाल राम दर्ज करने का निवेदन किया। प्रार्थी सतीश पुत्र युधिष्ठिर ने प्रार्थना पत्र दिया कि प्रार्थी की माता सावित्री देवी पत्नी युधिष्ठिर जाति बिश्नोई के नाम चक 1 डी छोटी खाता संख्या 99/21 में कृषि भूमि दर्ज है। इसका बैंक से रहनमुक्त प्रमाण पत्र जारी हो चुका है। प्रार्थी ने उक्त बैंक रहन को रहनमुक्त करने का निवेदन किया। पटवारी हलका से रिपोर्ट प्राप्त हुई कि उक्त खाते में लक्ष्मी देवी पत्नी रणवीर के नाम से दोहरा इंद्राज है, जिसके कारण रहनमुक्त होने में तकनीकी समस्या आ रही है। पटवारी हलका की रिपोर्ट के आधार पर तकनीकी समस्या का समाधान करने एवं तत्पश्चात रहनमुक्त नामांतरण दर्ज करने हेतु आदेशित किया गया। उक्त प्रार्थना पत्रों पर पटवारी हलका ओमप्रकाश से रिपोर्ट प्राप्त की गई। इसमें पटवारी हलका द्वारा प्रविष्ठियां शुद्ध करने की अनुसंशा की गई। शिविर सहप्रभारी नायब तहसीलदार श्री आदराम नायक द्वारा उक्त प्रकरणों में शिविर में ही शुद्धिकरण आदेश जारी किए। अतिरिक्त ऑफिस कानूनगो पूनम चौधरी द्वारा उक्त आदेश दर्ज कर शिविर में ही पटवारी हलका को राजस्व रिकॉर्ड में अमल दरामद करने हेतु प्रेषित किए गए। शिविर में हाथों-हाथ रिकॉर्ड शुद्धिकरण आदेश होने पर काश्तकारों ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित करने के लिए माननीय मुख्यमंत्री और राजस्थान सरकार का धन्यवाद ज्ञापित किया।