जनसंपर्क कार्यालय द्वारा प्रिंटिंग प्रेस का औचक निरीक्षण, नियमों की पालना के दिए सख्त निर्देश
भीलवाड़ा। पीआरओ श्री रवींद्र कुमार वैष्णव के आदेशानुसार बुधवार को एपीआरओ श्री ईशांत काबरा के निर्देशन में जिला जनसंपर्क कार्यालय की टीम द्वारा कांवाखेड़ा स्थित प्रिंटिंग प्रेस का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण टीम में अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी श्री महावीर कुमार पाराशर, वरिष्ठ सहायक श्री रोहित वर्मा तथा कनिष्ठ सहायक श्री कालूलाल बैरवा शामिल रहे। निरीक्षण टीम ने प्रिंटिंग प्रेस में समाचार पत्रों एवं अन्य मुद्रित समाचार पत्रों के प्रकाशन से संबंधित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया तथा मुद्रक से आवश्यक अभिलेखों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी ली गई। एपीआरओ श्री ईशांत काबरा ने प्रेस संचालक को समाचार पत्रों के मुद्रण एवं प्रकाशन से संबंधित निर्धारित नियमों, प्रावधानों एवं निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाचार पत्रों के मुद्रण एवं प्रकाशन में निर्धारित नियमों की अनदेखी अथवा अनियमितता पाए जाने की स्थिति में संबंधित प्रावधानों के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है। साथ ही प्रेस संचालक को नियमित मुद्रित किए जाने वाले समाचार पत्रों से संबंधित रिकॉर्ड मेंटेन एवं आवश्यक दस्तावेजों को व्यवस्थित रूप से संधारित रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाचार पत्रों के मुद्रण एवं प्रकाशन से संबंधित व्यवस्थाओं की जांच एवं निगरानी का कार्य नियमित रूप से जारी रहेगा।