जूनियर एशिया कप के लिए टीम इंडिया तैयार, अनमोल एक्का संभालेंगे कमान
नई दिल्ली। एएचएफ जूनियर एशिया कप 2026 के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम तैयार है। हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को टूर्नामेंट के लिए 18 सदस्यीय टीम की घोषणा की, जिसकी अगुआई डिफेंडर अनमोल एक्का करेंगे। दो खिलाड़ियों को वैकल्पिक सूची में जगह दी गई है।
टूर्नामेंट का आयोजन चीन के मोकी में 30 अगस्त से 13 सितंबर तक होगा। भारतीय टीम फिलहाल बेंगलुरु स्थित स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) सेंटर में मुख्य कोच फ्रेडरिक सोयेज की निगरानी में प्रशिक्षण ले रही है। टीम की तैयारियों में अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर को भी अहम हिस्सा बनाया गया है।
भारत ने हाल ही में बेल्जियम का एक्सपोजर दौरा भी किया था, जहां जूनियर टीम को यूरोप की मजबूत टीमों के खिलाफ खेलने का मौका मिला। इस अनुभव का उद्देश्य खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों के लिए तैयार करना, टीम संयोजन को परखना और रणनीति में जरूरी सुधार करना था।
बेंगलुरु में टीम मलेशिया की अंडर-21 टीम के खिलाफ अभ्यास मुकाबले खेलकर भी अपनी तैयारियों को धार दे रही है। कोच सोयेज का मानना है कि खिलाड़ियों ने पिछले कुछ महीनों में मेहनत के साथ अपने खेल में सुधार किया है।
अनुशासन और आक्रामक हॉकी पर जोर
मुख्य कोच फ्रेडरिक सोयेज ने टीम के चयन को लेकर संतोष जताते हुए कहा कि स्क्वाड में अच्छा संतुलन और गहराई है। उनके अनुसार, खिलाड़ियों का चयन लगातार प्रदर्शन, रवैये और दबाव की स्थिति में टीम की रणनीति को प्रभावी तरीके से लागू करने की क्षमता को ध्यान में रखकर किया गया है।
सोयेज ने कहा कि जूनियर एशिया कप में मुकाबला काफी चुनौतीपूर्ण होगा और भारतीय टीम सभी प्रतिद्वंद्वियों का सम्मान करते हुए अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करेगी। टीम का लक्ष्य अनुशासित रहते हुए आक्रामक हॉकी खेलना और अपने तय स्ट्रक्चर पर कायम रहना होगा।
कोच ने इस टूर्नामेंट को खिलाड़ियों के विकास के लिए भी महत्वपूर्ण बताया। उनके मुताबिक, एशिया की मजबूत जूनियर टीमों के खिलाफ खेलने से खिलाड़ियों को खुद को परखने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अनुभव मिलेगा।
भारतीय टीम
गोलकीपर: विवेक लाकड़ा, कुणाल तेवतिया
डिफेंडर: अनमोल एक्का (कप्तान), रोहित कुल्लू, चिराग, रविंदर, आशु मौर्य, संजीत टिर्की, सुखविंदर
मिडफील्डर: अड्रोहित एक्का, हरपाल, जीतपाल, मनमीत सिंह राय
फॉरवर्ड: अजीत यादव, प्रभदीप सिंह, गुरसेवक सिंह, आर्यन जेस, लोवेनूर सिंह
वैकल्पिक खिलाड़ी: अर्जुन संतोष हरगुडे, रितिक लाकड़ा
जूनियर एशिया कप भारत के उभरते खिलाड़ियों के लिए एशियाई स्तर पर खुद को साबित करने का बड़ा मंच होगा। टीम की मौजूदा तैयारियों और अंतरराष्ट्रीय अनुभव को देखते हुए भारतीय युवा खिलाड़ी टूर्नामेंट में मजबूत चुनौती पेश करने के इरादे से उतरेंगे।