Dark Mode
दीवार में छेद कर बैंक में चोरी करने घुसे बदमाश

दीवार में छेद कर बैंक में चोरी करने घुसे बदमाश

जयपुर। जयपुर में बैंक में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश नाकाम हो गई। बदमाश दीवार में छेद कर बैंक के अंदर घुस गए और तिजोरी रूम का लॉक भी तोड़ दिया, लेकिन गोल्ड और अहम डॉक्यूमेंट्स रखे सेफ को तोड़ने में कामयाब नहीं हो सके। वारदात को अंजाम देने में असफल रहने पर आरोपी मौके से फरार हो गए, जिसके बाद रामनगरिया थाना पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि- जगतपुरा के रहने वाले जय कुमार मीणा (41) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के मुताबिक, वह दांतली स्थित बैंक ऑफ इंडिया ब्रांच के सीनियर मैनेजर हैं। शुक्रवार देर शाम रोजाना की तरह बैंक ब्रांच को लॉक कर कार्यरत सभी अधिकारी-कर्मचारी चले गए थे। जिसके बाद देर रात बदमाशों ने चोरी की नीयत के चलते बैंक को निशाना बनाया।

सर्वर रूम की पीछे की दीवार में करीब 2x2 फीट का किया छेद

बैंक के सर्वर रूम की पीछे की दीवार में करीब 2x2 फीट का बड़ा छेद किया। बैंक दीवार में सेंधमारी कर बदमाश अंदर घुसे। बैंक के अंदर घुसे बदमाशों ने तिजोरी रूम के लॉक तोड़ दिए। चोरी के चलते गोल्ड सेफ और डॉक्यूमेंट सेफ को तोड़ने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद भी बदमाश चोरी की वारदात को अंजाम देने पर सफल नहीं हो सके। पकड़े जाने से बचने के लिए दीवार में किए छेद के रास्ते से ही बाहर निकल फरार हो गए।

शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे बैंक ओपन कर अंदर जाने पर चोरी की नाकाम कोशिश का पता चला। सूचना के बाद रामनगरिया थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए। जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने वारदात से पहले बैंक में लगे CCTV के वॉयर काट बंद कर दिए थे। फिलहाल पुलिस वारदातस्थल के आस-पास लगे CCTV फुटेजों को खंगालने के साथ ही बदमाशों की तलाश कर रही है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!