Dark Mode
चोरों ने मंदिर का ताला तोड़ दानपेटी और सामान चुराया

चोरों ने मंदिर का ताला तोड़ दानपेटी और सामान चुराया

जयपुर। मुरलीपुरा थाना क्षेत्र में स्थित एक शिव मंदिर में चोरों ने ताला तोड़कर दानपेटी और अन्य सामान चोरी कर लिया। वारदात के बाद बदमाश भगवान की प्रतिमाओं का श्रृंगार और पूजन सामग्री मंदिर परिसर के बाहर सड़क पर फेंक गए। घटना से क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं में रोष है। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो ताला टूटा मिला और दान पेटी सहित अन्य सामान गायब था। मंदिर के बाहर सड़क पर भगवान का श्रृंगार और पूजन सामग्री बिखरी मिलने से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो गईं। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं स्थानीय लोगों ने रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। क्षेत्रवासियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। मुरलीपुरा थानाधिकारी विरेंद्र कुरिल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मंदिर व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!