Dark Mode
मास्टर की से मिनटों में उड़ाते थे बाइक, जयपुर में तीन शातिर चोर गिरफ्तार

मास्टर की से मिनटों में उड़ाते थे बाइक, जयपुर में तीन शातिर चोर गिरफ्तार

जयपुर। राजधानी जयपुर में सक्रिय दुपहिया वाहन चोर गिरोह का विधायकपुरी थाना पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से एक दर्जन से अधिक मोटरसाइकिलें चोरी करने की बात स्वीकार की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे की लत और महंगे शौक पूरे करने के लिए लगातार वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शास्त्रीनगर निवासी संजय राजपूत उर्फ संजू (26), भट्टा बस्ती निवासी सिद्धार्थ खींची (26) और रितीक स्वामी (22) के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ पहले से चोरी और अन्य मामलों में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले भीड़भाड़ वाले बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और पार्किंग क्षेत्रों में खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। इसके बाद गिरोह का एक सदस्य निगरानी करता, जबकि दूसरा मास्टर की की मदद से कुछ ही सेकंड में बाइक का लॉक खोलकर वाहन लेकर फरार हो जाता था।

थानाधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थलों और आसपास लगे 35 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया, जहां पूछताछ में उन्होंने चोरी की कई वारदातें कबूल कर लीं।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। उनसे मिली जानकारी के आधार पर चोरी की गई एक दर्जन से अधिक मोटरसाइकिलों की बरामदगी और शहर में हुई अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे की भी संभावना है।

इस कार्रवाई में गठित विशेष टीम में एएसआई हरिसिंह, कांस्टेबल आकाश, पवन कुमार, रवि कुमार तथा चालक भाग्यवर्धन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!